मानवता शर्मसार: पुलिसवालों ने लाश के साथ भी कर दी नाइंसाफी, वायरल वीडियो से मचा हड़कंप
मेरठ में पुलिसकर्मियों द्वारा लाश को दूसरे थाना क्षेत्र में फेंकने का वीडियो वायरल, तीन निलंबित।
➡️ पुलिसकर्मियों ने शव को दूसरे थाना क्षेत्र में फेंक दिया
➡️ घटना सीसीटीवी में कैद, वीडियो वायरल
➡️ SSP ने तीन पुलिसकर्मियों को किया सस्पेंड
➡️ जांच SP सिटी को सौंपी गई
➡️ अमानवीय व्यवहार पर पुलिस प्रशासन सवालों में
हशमे आलम/ जन माध्यम
मेरठ। शहर में मानवता को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पुलिस की कार्यशैली पर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। नौचंदी थाना क्षेत्र के एल-ब्लॉक चौकी के पास मिले एक शव को पोस्टमार्टम हाउस भिजवाने के बजाय पुलिसकर्मी उसे दूसरे थाना क्षेत्र में ले जाकर फेंक आए। हैरानी की बात यह है कि यह पूरी करतूत पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि नौचंदी थाना क्षेत्र की पुलिस एक ई-रिक्शा में लाश को रखवाती है और फिर उसे लोहिया नगर थाना क्षेत्र में जाकर फिंकवा देती है। मानवीयता को शर्मसार करती यह हरकत तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हुई, जिसके बाद शहरभर में पुलिस प्रशासन सवालों के घेरे में आ गया।
जैसे ही मामला वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचा, एसएसपी डॉ. विपिन ताड़ा ने तत्काल कड़ा रुख अपनाते हुए दोषियों पर बड़ी कार्रवाई की। एल-ब्लॉक चौकी इंचार्ज जितेंद्र, सिपाही राजेश और होमगार्ड रोहतास को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है। एसएसपी ने इस मामले की जांच एसपी सिटी को सौंपी है, ताकि पूरे प्रकरण की सच्चाई सामने लाई जा सके।
प्रशासन का कहना है कि लोहिया नगर थाना क्षेत्र में शव मिलने के बाद नियमानुसार जरूरी कार्रवाई नहीं की गई, जो अपनी ड्यूटी के प्रति घोर लापरवाही और अमानवीय व्यवहार को दर्शाता है।
फिलहाल, यह मामला पूरे जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है। सवाल यह है कि जिन पर सुरक्षा की जिम्मेदारी है, वही अगर मानवता का गला घोंटने लगें, तो आम जनता भरोसा किस पर करे?