पांच दिन से बिजली संकट, लोगों का फूटा गुस्सा

बरेली के मलूकपुर क्षेत्र में पांच दिनों से बिजली आपूर्ति बाधित होने का क्षेत्रवासियों ने आरोप लगाया। किला बिजलीघर पहुंचकर लोगों ने शिकायत दर्ज कराते हुए जल्द व्यवस्था बहाल करने की मांग की।

पांच दिन से बिजली संकट, लोगों का फूटा गुस्सा
HIGHLIGHTS:

क्षेत्रवासियों का आरोप- मलूकपुर समेत आसपास के इलाकों में पांच दिन से बिजली संकट।

बिजली न मिलने से पानी, इन्वर्टर और घरेलू उपकरणों से जुड़ी समस्याएं बढ़ीं।

किला बिजलीघर पहुंचकर लोगों ने विभाग से जल्द समाधान की मांग की।

जन माध्यम
बरेली। 
शहर के मलूकपुर और आसपास के क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति को लेकर लोगों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि पिछले पांच दिनों से मलूकपुर, घेर शेख मिट्ठू, पटी गली और खन्नू मोहल्ला सहित कई इलाकों में बिजली आपूर्ति गंभीर रूप से प्रभावित है। इससे भीषण गर्मी के बीच लोगों को पानी, बिजली और अन्य आवश्यक सुविधाओं के लिए कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय निवासी अदीबा ने बताया कि लगातार बिजली बाधित रहने से अधिकांश घरों के इन्वर्टर जवाब दे चुके हैं। कई परिवार जनरेटर के सहारे काम चला रहे हैं। उनका दावा है कि बिजली और पानी की समस्या का सबसे अधिक असर छोटे बच्चों और बुजुर्गों पर पड़ा है तथा कुछ बच्चों की तबीयत भी खराब हुई है। उन्होंने यह भी कहा कि कुछ परिवार असुविधा के कारण रिश्तेदारों के यहां रहने को मजबूर हो गए हैं।

क्षेत्रवासियों का कहना है कि जब बिजली आती भी है तो वोल्टेज में लगातार उतार-चढ़ाव बना रहता है, जिससे घरेलू इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के खराब होने का खतरा बढ़ गया है। वहीं बिजली न होने से पानी की आपूर्ति भी प्रभावित हो रही है, जिससे दैनिक कार्यों में परेशानी हो रही है।

समस्या से नाराज महिलाओं और अन्य स्थानीय लोगों ने किला बिजलीघर पहुंचकर बिजली विभाग के अधिकारियों से शिकायत दर्ज कराई और जल्द आपूर्ति बहाल करने की मांग की। प्रदर्शन में अम्मो, शेरू, गुड्डू, रजिया, आसिया, पप्पू सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

हालांकि, खबर लिखे जाने तक बिजली विभाग की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी। क्षेत्रवासियों ने मांग की है कि समस्या का स्थायी समाधान कर नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।