विद्युत समस्याओं को लेकर किसान महासभा ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
बहेड़ी, बरेली। अखिल भारतीय किसान महासभा ने विद्युत विभाग के लोगों पर उपभोक्ताओं को परेशान करने का आरोप लगाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिल जमा न करने के नाम पर उपभोक्ताओं के अवैध रूप से कनेक्शन काटे जा रहे है। इसके साथ ही मीटर रीडिंग को बढाकर गलत तरीके से बिल निकालकर पैसे ऐंठे जा रहे हैं और नलकूप की विद्युत आपूर्ति जानबूझकर काट दी जा रही है।
शुक्रवार को उपजिलाधिकारी को सौंपे गए ज्ञापन में अखिल भारतीय किसान महासभा से जुड़े लोगों ने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ, हवा, पानी आमजन के मौलिक अधिकार है इसलिए विद्युत विभाग द्वारा सार्वजनिक तौर पर उपभोक्ताओं को बिजली काटकर उनके हितो से वंचित नही किया जा सकता। विद्युत कनेक्शन कटने से उपभोक्ताओं को शौच, नहाने, कपड़े धोने बर्तन साफ करने जैसी दैनिक समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि किसान महासभा मांग करती है कि विद्युत विभाग की इस हठधर्मिता के खिलाफ विद्युत विभाग को सचेत किया जाये और जिन जिन उपभोक्ताओं के कनेक्शन काट दिए गए हैं उनके तत्काल कनेक्शन जोडे जाये। विद्युत मीटरों को सही किया जाये व नलकूपों की सप्लाई सुचारू रूप से चालू की जाये अन्यथा किसान महासभा बहेड़ी क्षेत्र में विशाल पैमाने पर विद्युत विभाग के खिलाफ अनिश्चितकालीन आंदोलन करने को बाध्य होगी।