सड़क दुर्घटना में गई दो दोस्तों की जान, नैनीताल घुमने निकले थे युवक

सड़क दुर्घटना में गई दो दोस्तों की जान, नैनीताल घुमने निकले थे युवक
फाइल फोटो मृतक

बरेली। शेरगढ़-शीशगढ़ मार्ग पर गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो दोस्तों की जान चली गई। तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने उनकी बाइक को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि दोनों युवक उछलकर पेड़ से टकराए और खाई में जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों युवकों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना से मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया।

मुंशीनगर निवासी मोहम्मद नईम ने बताया कि उनके ताऊ बारादरी क्षेत्र हजियापुर निवासी असलम का बेटा सलीम (23) और उसका दोस्त हजियापुर निवासी जुनैद (22) गुरुवार दोपहर करीब तीन बजे नैनीताल घूमने के लिए निकले थे। सलीम और जुनैद एक बाइक पर थे, जबकि उनके दो अन्य दोस्त अमन और अनस दूसरी बाइक पर थे। चारों युवक शीशगढ़ के रास्ते शेरगढ़ जा रहे थे, तभी शीशगढ़ के पास एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने सलीम और जुनैद की बाइक को टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भयानक थी कि दोनों युवक बाइक से उछलकर पास के पेड़ से टकरा गए और खाई में गिर पड़े। स्थानीय लोगों की सूचना पर शीशगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल युवकों को सीएचसी ले गई। लेकिन, वहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों में सलीम चार भाइयों में तीसरे नंबर का था और सैलून का काम करता था। वहीं, जुनैद तीन भाइयों में सबसे छोटा था और वह भी सैलून में काम करता था। सलीम के पिता असलम और मां भूरी तथा जुनैद के पिता परवेज और मां शाहना का रो-रोकर बुरा हाल है। दोनों परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है।