नन्हे कदमों के स्वागत में सजा विद्यालय का आंगन
हाथरस के पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय में प्रवेशोत्सव कार्यक्रम आयोजित नवप्रवेशित बच्चों का तिलक कर किया स्वागत
प्रवेशोत्सव में बच्चों का हुआ स्वागत
दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारम्भ
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
छात्रों को वितरित की गई स्टेशनरी
जन माध्यम
हाथरस। जब नन्हे कदम पहली बार विद्यालय की चौखट पार करते हैं तो वह पल सिर्फ एक शुरुआत नहीं बल्कि सपनों की उड़ान का पहला अध्याय बन जाता है। कुछ ऐसा ही भावुक दृश्य शहर के पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय में देखने को मिला।
तालाब चौराहा स्थित विद्यालय में नए शैक्षणिक सत्र के स्वागत के लिए प्रवेशोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्राचार्य महाभारत सिंह, मुख्याध्यापक जितेंद्र शर्मा और मुख्याध्यापिका रूचि सिंह ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया।
विद्यालय के मुख्य द्वार पर शिक्षिका रितु शर्मा ने नवप्रवेशित बच्चों का तिलक, फूल और चॉकलेट देकर स्वागत किया। बच्चों के चेहरे पर खुशी और उत्साह साफ झलक रहा था।
कार्यक्रम में छात्रों ने सरस्वती वंदना, स्वागत गीत और लोक नृत्यों की प्रस्तुति देकर सभी का मन मोह लिया। इस दौरान प्राचार्य महाभारत सिंह ने बच्चों को शिक्षा का महत्व बताते हुए कहा कि शिक्षा ही जीवन को महान बनाती है और विद्यालय उन्हें बेहतर भविष्य की दिशा देता है।
मुख्याध्यापक जितेंद्र शर्मा ने अभिभावकों को विद्यालय की कार्यप्रणाली, खेल आधारित शिक्षण और बच्चों के सर्वांगीण विकास के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान छात्रों को स्कूल बैग और स्टेशनरी किट भी वितरित की गई।
अभिभावकों ने इस खास मौके को यादगार बनाते हुए बच्चों के साथ तस्वीरें खिंचवाईं। कार्यक्रम का संचालन नेहा अग्रवाल ने किया और इस अवसर पर विद्यालय परिवार के सभी शिक्षक व कर्मचारी मौजूद रहे।