पुलिस की प्रदर्शनी में दिखा सुरक्षा, सेवा और जागरूकता का शानदार संगम

पुलिस की प्रदर्शनी में दिखा सुरक्षा, सेवा और जागरूकता का शानदार संगम
HIGHLIGHTS:

1. बरेली पुलिस ने 'मिशन शक्ति' और साइबर क्राइम पर मास्टरक्लास दी।
2. महिला बीट पुलिसिंग और एसओजी टीमों की नई योजनाओं की जानकारी दी।
3. वीआर एक्सपीरियंस और इंटरएक्टिव स्टॉल्स ने सुरक्षा को रोमांचक बनाया।

बरेली। शहर के जीआईसी ऑडिटोरियम इस बार किसी फिल्मी सेट से कम नहीं दिखा। जहां पुलिस के सुपरहीरो मिशन शक्ति, साइबर क्राइम सेल और यातायात पुलिस ने जनता को सुरक्षा का मास्टरक्लास दिया। मौका था सरकार के 08 साल पूरे होने के जश्न का और इस मौके पर राज्य मंत्री जे.पी.एस. राठौर ने प्रदर्शनी का उद्घाटन कर माहौल में जोश भर दिया। इस तीन दिवसीय इवेंट में बरेली पुलिस ने जनता को बताया कि सुरक्षा सिर्फ वर्दीवालों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक की भागीदारी भी जरूरी है।

महिला उपनिरीक्षक अर्चना ने महिलाओं की सुरक्षा को लेकर मिशन शक्ति का पूरा रोडमैप पेश किया। इसके अलावा महिला उपनिरीक्षक शालू ने साइबर ठगों के पैंतरे उजागर किए और बताया कि कैसे ऑनलाइन फ्रॉड से बचा जा सकता है।इस अवसर पर एडीजी रमित शर्मा, आईजी डॉ. राकेश सिंह और एसएसपी अनुराग आर्य भी मंच पर आए और जनता को पुलिस की नई योजनाओं से रूबरू करवाया – महिला बीट पुलिसिंग, हेल्प डेस्क और एसओजी टीमों पर खास जोर दिया गया।

अगर आप सोचते थे कि पुलिस सिर्फ चालान काटने और अपराधियों को पकड़ने तक सीमित है, तो यह प्रदर्शनी आपकी सोच बदलने आई थी। यहां बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को सेल्फ-डिफेंस, साइबर सेफ्टी और ट्रैफिक रूल्स पर लाइव डेमो दिए गए। वीआर (वर्चुअल रियलिटी) एक्सपीरियंस और इंटरएक्टिव स्टॉल्स ने इसे और भी रोमांचक बना दिया। लोग अपने सवाल लेकर पुलिस अधिकारियों से सीधे बातचीत कर सके –  यानी फेस टू फेस पुलिस कनेक्शन।

बरेली पुलिस ने इस आयोजन के जरिए जनता से सीधा संवाद कर साबित कर दिया कि वे सिर्फ कानून के रखवाले नहीं, बल्कि समाज के असली हीरो हैं। यह प्रदर्शनी एक अविस्मरणीय अनुभव बनी, जहां सुरक्षा, सेवा और जागरूकता का परफेक्ट कॉम्बिनेशन देखने को मिला।
इस दौरान मंडलायुक्त सौम्या अग्रवाल, डीएम रविन्द्र कुमार, सीडीओ जगप्रवेश, नगर आयुक्त संजीव मौर्य, एसपी साउथ अंशिका वर्मा, मेयर डॉ. उमेश गौतम, नवाबगंज विधायक डॉ. एसपी आर्य, आंवला विधायक आदेश प्रताप सिंह, महानगर अध्यक्ष अधीर सक्सेना सहित तमाम अधिकारीगण और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।