बहू पर जानलेवा हमला, इंसाफ की दरकार

मेरठ के ब्रह्मपुरी में महिला पर ससुराल पक्ष द्वारा जानलेवा हमले का आरोप पीड़ित परिवार ने एसएसपी से लगाई न्याय की गुहार

बहू पर जानलेवा हमला, इंसाफ की दरकार
HIGHLIGHTS:

महिला पर धारदार हथियार से हमला

ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप

पुलिस कार्रवाई पर उठे सवाल

परिवार ने एसएसपी से मांगा न्याय

हशमे आलम। जन माध्यम
मेरठ।
जब अपने ही रिश्ते खून के प्यासे बन जाएं तो दर्द सिर्फ शरीर पर नहीं बल्कि आत्मा तक उतर जाता है। ब्रह्मपुरी क्षेत्र से सामने आई एक घटना ने रिश्तों की मर्यादा को झकझोर कर रख दिया है।

आरोप है कि एक महिला पर उसके ही ससुराल पक्ष ने जानलेवा हमला कर दिया। पीड़िता की मां ने एसएसपी से शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई है। बताया गया कि महिला की शादी करीब आठ वर्ष पहले दिलनवाज निवासी रशीद नगर से हुई थी।

परिजनों का आरोप है कि पति, देवर, सास और ननद ने मिलकर महिला के साथ मारपीट की और धारदार हथियार से उसके गले पर वार किया। चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी धमकी देते हुए फरार हो गए।

गंभीर रूप से घायल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसके गले, हाथ और पैर में टांके लगाए गए हैं।

पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है, लेकिन पीड़ित पक्ष का आरोप है कि गंभीर धाराओं के बजाय कमजोर धाराएं लगाई गई हैं और आरोपियों से लगातार जान से मारने की धमकी मिल रही है।

परिवार अब इंसाफ की उम्मीद लेकर अधिकारियों के चक्कर लगा रहा है और मांग कर रहा है कि दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि पीड़िता को न्याय मिल सके।