रिश्वत लेते लेखपाल का वीडियो वायरल

हाथरस के सिकंद्राराऊ क्षेत्र में लेखपाल का रिश्वत लेते वीडियो वायरल प्रशासनिक कार्रवाई पर उठे सवाल

रिश्वत लेते लेखपाल का वीडियो वायरल
HIGHLIGHTS:

लेखपाल का रिश्वत लेते वीडियो वायरल

जमीनी मामले में पैसे लेने का आरोप

सोशल मीडिया पर तेजी से फैला वीडियो

अब तक नहीं हुई कोई कार्रवाई

जन माध्यम
हाथरस। जब न्याय दिलाने वाली व्यवस्था ही सवालों के घेरे में आ जाए तो आम आदमी का भरोसा खुद ब खुद डगमगाने लगता है। सिकंद्राराऊ तहसील क्षेत्र से सामने आया एक वीडियो इसी चिंता को और गहरा कर रहा है।

यहां तैनात एक लेखपाल का रिश्वत लेते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। आरोप है कि जमीन के एक मामले के समाधान के नाम पर कर्मचारी खुलेआम पैसे लेते दिखाई दे रहा है।

बताया जा रहा है कि हसायन क्षेत्र के एक व्यक्ति से रुपये का लेनदेन करते समय किसी ने यह वीडियो बना लिया, जो अब चर्चा का विषय बन गया है। वीडियो कुछ दिन पुराना बताया जा रहा है, लेकिन इसके सामने आने के बाद भी अब तक कोई ठोस प्रशासनिक कार्रवाई नहीं हुई है।

सबसे बड़ा सवाल यही है कि जब सबूत खुलेआम सामने हैं तो जिम्मेदार विभाग कब तक चुप्पी साधे रहेगा। यह मामला सिर्फ एक कर्मचारी तक सीमित नहीं बल्कि पूरे तंत्र की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है।

अब लोगों की नजर प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी है कि क्या दोषी पर कार्रवाई होगी या यह मामला भी अन्य मामलों की तरह समय के साथ ठंडे बस्ते में चला जाएगा।