पुलिसकर्मियों से अभद्रता और मारपीट में चार गिरफ्तार

भोजीपुरा के जटौआ में पुलिसकर्मियों से अभद्रता, मारपीट और सरकारी कार्य में बाधा डालने के मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

पुलिसकर्मियों से अभद्रता और मारपीट में चार गिरफ्तार
HIGHLIGHTS:

जटौआ में पुलिसकर्मियों से अभद्रता और मारपीट का आरोप।

पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर चार वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया।

पूछताछ में आरोपियों ने नशे की हालत में घटना की बात स्वीकार करने की बात कही।

जन माध्यम
बरेली।
थाना भोजीपुरा क्षेत्र के ग्राम जटौआ में पुलिसकर्मियों से अभद्रता, मारपीट, गाली-गलौज और सरकारी कार्य में बाधा डालने के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, 7 सितंबर को हेड कांस्टेबल परमानन्द और कांस्टेबल अरुण कुमार सम्मन/नोटिस तामीला एवं जांच के सिलसिले में जटौआ पहुंचे थे। गांव के बाहर सड़क पर कुछ लोग एक व्यक्ति के साथ मारपीट कर रहे थे। पुलिसकर्मियों ने बीच-बचाव किया तो आरोपियों ने कथित तौर पर उनके साथ अभद्रता और मारपीट शुरू कर दी। गाली-गलौज के साथ जान से मारने की धमकी देने और सरकारी कार्य में बाधा डालने का भी आरोप है।

मामले में भोजीपुरा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस टीम ने 8 सितंबर की सुबह करीब 8:45 बजे मुखबिर की सूचना पर जटौआ मोड़ के सामने मंदिर के पास से अशोक, सूरजपाल, वेदप्रकाश और कामता प्रसाद को गिरफ्तार किया।

पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गांव के बाहर मछली पकड़ने वाले मोहम्मद युनिश के साथ उनका विवाद चल रहा था। इसी दौरान पुलिसकर्मी बीच-बचाव के लिए पहुंचे। पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने नशे की हालत में पुलिसकर्मियों से अभद्रता और मारपीट करने की बात स्वीकार की तथा अपनी गलती मानकर माफी मांगी।

चारों आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक कुंवर बहादुर सिंह, उपनिरीक्षक पवन कुमार, कांस्टेबल संजय सागर, विपिन कुमार, संतोष कुमार और भानू प्रताप शामिल रहे।