मीरगंज में शुरू हुआ जनपद का पहला ई-मालखाना

मीरगंज कोतवाली में जनपद का पहला ई-मालखाना शुरू हुआ, जिसका उद्घाटन एसपी साउथ अंशिका वर्मा ने किया। अब मालखाने का पूरा रिकॉर्ड डिजिटल होगा।

मीरगंज में शुरू हुआ जनपद का पहला ई-मालखाना
मीरगंज में शुरू हुआ जनपद का पहला ई-मालखाना
HIGHLIGHTS:

➡️ मीरगंज में जनपद का पहला ई-मालखाना शुरू
➡️ एसपी साउथ अंशिका वर्मा ने किया उद्घाटन
➡️ मालखाने का पूरा रिकॉर्ड होगा ऑनलाइन
➡️ जब्त व लावारिस माल की डिजिटल एंट्री

कर्ण पाल सिंह | जन माध्यम

मीरगंज, बरेली। मीरगंज कोतवाली परिसर में मंगलवार को जनपद का पहला ई-मालखाना शुरू किया गया। एसपी साउथ अंशिका वर्मा ने फीता काटकर इसका शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह एक आधुनिक और पारदर्शी व्यवस्था है, जिसके तहत मालखाने से संबंधित संपूर्ण सामग्री का डिजिटल डाटा तैयार किया जाएगा।

एसपी साउथ ने बताया कि अब थानों में दाखिल होने वाले सभी प्रकार के माल—चाहे वह जब्त वाहन हों या लावारिस सामान—का रिकॉर्ड व्यवस्थित रूप से ऑनलाइन दर्ज किया जाएगा। इसके लिए एक विशेष वेबसाइट के माध्यम से सिंगल सिस्टम विकसित किया गया है, जिससे थाना प्रभारी आसानी से यह देख सकेंगे कि कितना माल उपलब्ध है, कितना लंबित है और कौन-सा माल न्यायालय में प्रस्तुत किया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि ई-मालखाना व्यवस्था से माल के रखरखाव में पारदर्शिता आएगी, कोर्ट में माल पेश करने की प्रक्रिया सरल होगी और अनावश्यक देरी से बचा जा सकेगा। साथ ही इस डिजिटल प्रणाली से समय की बचत होगी और पुलिस की कार्यप्रणाली अधिक प्रभावी बनेगी।

उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान सीओ मीरगंज अजय कुमार, कोतवाली प्रभारी संजय तोमर सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। पुलिस अधिकारियों ने ई-मालखाना व्यवस्था को कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।