अंबेडकर प्रतिमा का हाथ और चश्मा तोड़ा, गांव में तनाव

बहेड़ी के भिलैया गांव में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा क्षतिग्रस्त मिलने से ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। पुलिस और प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

अंबेडकर प्रतिमा का हाथ और चश्मा तोड़ा, गांव में तनाव
HIGHLIGHTS:

अंबेडकर प्रतिमा का दाहिना हाथ और चश्मा टूटा मिला।

घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश और तनाव का माहौल बना।

पुलिस ने जांच शुरू कर आरोपितों की तलाश तेज की।

जन माध्यम
बहेड़ी।
थाना क्षेत्र के ग्राम भिलैया में मंगलवार को अंबेडकर पार्क में लगी बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा क्षतिग्रस्त मिलने से ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। प्रतिमा का दाहिना हाथ और चश्मा टूटा हुआ मिला। सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे।

गांव के बाहर सड़क किनारे करीब तीन बीघा भूमि में अंबेडकर पार्क बना हुआ है। ग्रामीणों के मुताबिक पार्क की चारदीवारी नहीं है। मंगलवार को प्रतिमा क्षतिग्रस्त दिखाई देने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए और नाराजगी जताई।

ग्रामीणों ने अज्ञात शरारती तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों से जानकारी ली और प्रतिमा का निरीक्षण किया। एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस सतर्कता बढ़ा दी गई है।

इंस्पेक्टर दिनेश कुमार शर्मा ने बताया कि भिलैया स्थित अंबेडकर पार्क में प्रतिमा क्षतिग्रस्त किए जाने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर मामले की जांच कर रही है। घटना में शामिल लोगों की तलाश की जा रही है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।