उद्यमों के लिए खुला विकास का रास्ता
बरेली मंडल में औद्योगिक विकास को गति देने के लिए मण्डलायुक्त की अध्यक्षता में उद्योग बन्धु समिति की बैठक में कई अहम निर्णय लिए गए।
➡️ मण्डलायुक्त भूपेन्द्र एस. चौधरी की अध्यक्षता में बैठक
➡️ उद्योग बन्धु समिति की महत्वपूर्ण समीक्षा
➡️ नाथधाम एमएसएमई टाउनशिप की प्रगति पर चर्चा
➡️ जनवरी 2026 तक भूमि क्रय प्रक्रिया शुरू करने का लक्ष्य
➡️ ट्रक पार्किंग के लिए टूलिया में ठहराव स्थल निर्माण
➡️ 85% निर्माण कार्य पूरा, जल्द होगा संचालन
➡️ परसाखेड़ा व सीबीगंज में विद्युत व्यवस्था सुदृढ़
➡️ उद्यमियों की समस्याओं के त्वरित समाधान पर जोर
जन माध्यम।
मंडल में औद्योगिक विकास को सुदृढ़ और सुगम बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को कमिश्नर भूपेन्द्र एस. चौधरी की अध्यक्षता में मण्डलीय उद्योग बन्धु समिति की महत्वपूर्ण बैठक कमिश्नरी सभागार में सम्पन्न हुई। बैठक में औद्योगिक आधारभूत सुविधाओं, सड़क, विद्युत, भूमि क्रय और पार्किंग जैसी प्रमुख समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में बीडीए के उपाध्यक्ष द्वारा नाथधाम लघु, सूक्ष्म एवं मध्यम उद्यम टाउनशिप योजना की प्रगति की जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि योजना को विकसित करने हेतु अधिसूचना का प्रकाशन किया जा चुका है। औद्योगिक टाउनशिप के लिए भूमि क्रय की दर तय करने हेतु क्रय समिति का गठन भी कर लिया गया है। आगामी जनवरी 2026 के अंत तक भूमि क्रय की प्रक्रिया प्रारम्भ कर दी जाएगी। औद्योगिक इकाइयों के वाहनों की पार्किंग समस्या के समाधान को लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, मुरादाबाद के अधिकारियों ने जानकारी दी कि फतेहगंज के निकट ग्राम टूलिया में राष्ट्रीय राजमार्ग के दोनों ओर दो ट्रक ठहराव स्थल बनाए जा रहे हैं। निर्माण कार्य लगभग 85 प्रतिशत पूर्ण हो चुका है और आगामी 15 दिनों में इसे पूरी तरह पूर्ण कर लिया जाएगा। रामा श्यामा पेपर मिल मार्ग राष्ट्रीय राजमार्ग-30 से बहादुरपुर मार्ग के अनुरक्षण कार्य के संबंध में जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी ने बताया कि तकनीकी निविदा की प्रक्रिया प्रगति पर है। प्रक्रिया पूर्ण होते ही सड़क का अनुरक्षण कार्य शीघ्र प्रारम्भ किया जाएगा। औद्योगिक क्षेत्र परसाखेड़ा एवं सीबीगंज में विद्युत व्यवस्था को लेकर मुख्य अभियंता, विद्युत वितरण ने बताया कि परसाखेड़ा उपकेन्द्र पर पर्याप्त कर्मचारियों की तैनाती कर दी गई है। ट्रिपिंग की समस्या के समाधान हेतु लाइन अनुरक्षण और वृक्ष कटान का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। विद्युत समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए उपकेन्द्र कर्मियों और त्वरित प्रतिक्रिया वाहन दल के संपर्क विवरण संदेश समूहों में साझा किए गए हैं। प्रत्येक माह की 6 और 7 तारीख को विशेष शिविर भी लगाए जा रहे हैं, जिस पर उद्यमियों ने संतोष व्यक्त किया। बैठक में नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य, बरेली विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डॉ. मणिकंडन ए.प्रभागीय वनाधिकारी दीक्षा भण्डारी, मुख्य अभियंता ज्ञान प्रकाश, उपायुक्त उद्योग विकास यादव सहित बड़ी संख्या में उद्यमी उपस्थित रहे।