नेताजी को नमन, युवाओं से राष्ट्र निर्माण का आह्वान
सैंथल में नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती श्रद्धा से मनाई गई। भाजपा नेताओं ने पुष्पांजलि अर्पित कर युवाओं से राष्ट्र निर्माण में भूमिका निभाने का आह्वान किया।
➡️ सैंथल में सुभाष चंद्र बोस जयंती श्रद्धा से मनाई गई
➡️ भाजपा नेताओं ने नेताजी को पुष्पांजलि अर्पित की
➡️ युवाओं से नेताजी के आदर्श अपनाने का आह्वान
➡️ आज़ाद हिंद फौज के योगदान को किया गया याद
जन माध्यम
सैंथल (बरेली)। “तुम मुझे खून दो, मैं तुम्हें आज़ादी दूंगा” का ओजस्वी नारा देकर भारतीय स्वाधीनता संग्राम को नई दिशा देने वाले महान क्रांतिकारी नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर बुधवार को सैंथल क्षेत्र में श्रद्धा और सम्मान का माहौल देखने को मिला। इस अवसर पर भाजपा किसान मोर्चा के जिला महामंत्री नितिश उपाध्याय एडवोकेट एवं भाजपा युवा नेता विनय चौधरी ने नेताजी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया।
भाजपा किसान मोर्चा के जिला महामंत्री नितिश उपाध्याय एडवोकेट ने कहा कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस का त्याग, तपस्या और बलिदान युगों-युगों तक देश के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बना रहेगा। उन्होंने कहा कि आज के युवाओं को नेताजी के आदर्शों और उनके दिखाए मार्ग पर चलकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
वहीं, भाजपा युवा नेता विनय चौधरी ने नेताजी के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आज़ाद हिंद फौज के गठन के माध्यम से नेताजी ने अंग्रेजी हुकूमत की नींव हिला दी थी। उनका साहस, नेतृत्व और देशभक्ति आज भी हर भारतीय के लिए गर्व का विषय है।
कार्यक्रम में मुकेश शर्मा, सेवाराम मौर्य, छत्रपाल प्रजापति, हसन मियां, मुहद्दिश मेंहदी सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे और सभी ने नेताजी के आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।