बरेली में युवती की निर्मम हत्या, खेत में दफनाया शव

बरेली में 30 वर्षीय पूजा राणा की हत्या कर शव खेत में दफनाया गया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर जांच तेज कर दी है।

बरेली में युवती की निर्मम हत्या, खेत में दफनाया शव
मृतका का फाइल फोटो
HIGHLIGHTS:

➡️ बरेली में युवती की निर्मम हत्या से सनसनी
➡️ आरोपी की निशानदेही पर खेत से बरामद हुआ शव
➡️ पूजा राणा कई दिनों से थी लापता
➡️ आरोपी विमल हिरासत में, हत्या की बात कबूली

जन माध्यम
बरेली (जिला)।
थाना बारादारी क्षेत्र के संजय नगर दुर्गा नगर की रहने वाली 30 वर्षीय पूजा राणा की निर्मम हत्या कर शव को खेत में दफनाए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। युवती के लापता होने के कई दिनों बाद आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने केसीएमटी कॉलेज के पास स्थित एक सुनसान खेत की खुदाई कर शव बरामद किया, जिससे इलाके में दहशत और गहरा आक्रोश फैल गया।

परिजनों के अनुसार पूजा 12 तारीख को अपनी मां महेंद्र देवी और बहन शालिनी को किसी कार्यक्रम में जाने की बात कहकर घर से निकली थी। इसके बाद वह लौटकर नहीं आई। अगले दिन पिता प्रेम सिंह ने जब बेटी से संपर्क करने की कोशिश की तो मोबाइल फोन बंद मिला। रिश्तेदारों और परिचितों के यहां तलाश के बाद भी कोई सुराग नहीं लगा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस जांच में आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से एक युवक को हिरासत में लिया गया। कड़ी पूछताछ के दौरान आरोपी ने हत्या की बात स्वीकार कर ली। आरोपी की पहचान रिठौरा निवासी विमल के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने पूजा की हत्या करने के बाद सबूत मिटाने के इरादे से खेत में गड्ढा खोदकर शव को दफना दिया था।

मृतका के पिता प्रेम सिंह का आरोप है कि पूजा स्कूटी से निकली थी और उसके पास अंगूठियां, चेन, पेंडेंट व कुंडल थे, जो अब गायब हैं। परिजनों का कहना है कि यह वारदात लूट के इरादे से की गई, लेकिन सवाल यह उठता है कि यदि मामला केवल लूट का था, तो शव को इस तरह दफनाने की क्या जरूरत थी।

सूत्रों के अनुसार, इस हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग की आशंका भी जताई जा रही है। क्या आरोपी और पूजा के बीच पहले से कोई संबंध था, या फिर यह हत्या पूरी तरह पूर्व नियोजित साजिश थी? क्या इस जघन्य अपराध में कोई और भी शामिल है—इन तमाम सवालों के जवाब अभी जांच के घेरे में हैं।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने यह वारदात अकेले अंजाम दी या उसे किसी का सहयोग मिला।

घटना के बाद से पूजा राणा के माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। दो भाइयों और दो बहनों में पूजा तीसरे नंबर की थी। परिजनों का कहना है कि पूजा घर से हंसी-खुशी निकली थी, किसी को अंदेशा नहीं था कि वह दोबारा जिंदा नहीं लौटेगी।

यह हत्याकांड न केवल कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है, बल्कि महिलाओं की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ाता है। अब निगाहें पुलिस जांच पर टिकी हैं कि क्या पीड़ित परिवार को इंसाफ मिल पाएगा और इस वारदात का पूरा सच सामने आ सकेगा या नहीं।