सगे भाइयों के विवाद ने रिश्तों में घोल दिया जहर
बरेली के शाही क्षेत्र के रामपुरा गांव में ट्रॉली और गेहूं थ्रेशर को लेकर सगे भाइयों में विवाद हो गया। मारपीट और धमकी के आरोप में पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
साझे के कृषि उपकरणों को लेकर विवाद
सगे भाइयों के बीच बढ़ा झगड़ा और मारपीट
पीड़ित ने गाली गलौज और धमकी का लगाया आरोप
पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया
जन माध्यम
शाही।बरेली। कभी एक ही आंगन में पलने वाले भाई जब आमने सामने खड़े हो जाएं तो रिश्तों की गर्माहट भी ठंडी पड़ जाती है और घर का सुकून विवाद में बदल जाता है।
शाही क्षेत्र के ग्राम रामपुरा में सगे भाइयों के बीच ट्रॉली और गेहूं थ्रेशर को लेकर विवाद हो गया। मामला करीब चार लाख रुपये मूल्य के कृषि उपकरणों से जुड़ा बताया जा रहा है।
पीड़ित राजा राम का आरोप है कि उनके सगे भाई लाला राम ने साझे की ट्रॉली और थ्रेशर अपने पास रखकर हड़प लिया। जब उन्होंने सामान वापस मांगने और हिसाब करने की बात कही तो विवाद बढ़ गया।
आरोप है कि इसी दौरान राजा राम और उनके पुत्र प्रशांत कुमार के साथ मारपीट की गई और गाली गलौज की गई। पीड़ित पक्ष का कहना है कि लाला राम, उनकी पत्नी पुष्पा देवी और पुत्री सावित्री ने अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी।
घटना 17 अप्रैल की रात करीब आठ बजे की बताई जा रही है। शोर शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बीच बचाव कर मामला शांत कराया।
घटना के बाद पीड़ित राजा राम ने थाने में तहरीर दी, जिस पर पुलिस ने लाला राम, पुष्पा देवी और सावित्री के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।