बरेली: मीरगंज के तिलमास गांव में बड़ा हादसा, तालाब में डूबने से तीन मासूम बच्चों की मौत, पूरे गांव में छाया मातम

बरेली के मीरगंज थाना क्षेत्र के तिलमास गांव में एक दर्दनाक हादसा हुआ है। मछली पालन के तालाब में नहाने गए तीन मासूम बच्चों की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

बरेली: मीरगंज के तिलमास गांव में बड़ा हादसा, तालाब में डूबने से तीन मासूम बच्चों की मौत, पूरे गांव में छाया मातम
हादसे के बाद परिजनों का विलाप।
HIGHLIGHTS:

मीरगंज के तिलमास गांव में मछली पालन के लिए बने तालाब में नहाने गए थे बच्चे।

त्रिवेंद्र (10 वर्ष), आयुष (9 वर्ष) और अंश (8 वर्ष) की डूबने से हुई दर्दनाक मौत।

करण पाल सिंह। जन माध्यम

मीरगंज। बरेली। मीरगंज थाना क्षेत्र के ग्राम तिलमास में रविवार दोपहर एक बेहद दर्दनाक और दुखद घटना सामने आई है। गांव के पास बने एक तालाब में नहाने गए तीन मासूम बच्चों की डूबने से मौत हो गई। इस अचानक घटी घटना से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के मुताबिक, यह घटना दोपहर करीब 2:30 बजे की है। गांव तिलमास निवासी त्रिवेंद्र (10 वर्ष) पुत्र चरण सिंह यादव, आयुष (9 वर्ष) पुत्र जियालाल कश्यप और अंश (8 वर्ष) पुत्र सुरेंद्र पाल गंगवार एक साथ गांव के पास बने तालाब में नहाने पहुंचे थे। इस तालाब का उपयोग मछली पालन के लिए किया जा रहा था।

नहाते समय तीनों बच्चे गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। जब तक परिवार और गांव के लोगों को इस बात की भनक लगी, तब तक बहुत देर हो चुकी थी और तीनों मासूमों की सांसें थम चुकी थीं। ग्रामीणों की मदद से तीनों बच्चों के शवों को तालाब से बाहर निकाला गया। एक साथ तीन घरों के चिराग बुझने से पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है।

मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची। मीरगंज थाना प्रभारी संजय तोमर ने बताया कि पुलिस को शाम करीब 4:30 बजे इस घटना की सूचना प्राप्त हुई थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली है और इस संबंध में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।