नर्सिंग कॉलेज की प्राचार्या पर छात्रों के गंभीर आरोप
बरेली के कृतिका नर्सिंग कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने प्राचार्या पर मानसिक उत्पीड़न, रिश्वत मांगने और परीक्षा में फेल करने की धमकी देने के आरोप लगाते हुए डीएम से जांच की मांग की।
कृतिका नर्सिंग कॉलेज की प्राचार्या पर छात्रों के गंभीर आरोप
मानसिक उत्पीड़न और परीक्षा में फेल करने की धमकी का दावा
प्रैक्टिकल पास कराने और स्कॉलरशिप के नाम पर पैसे मांगने का आरोप
छात्रों ने डीएम से निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की
जन माध्यम
बरेली। जब शिक्षा का मंदिर ही सवालों के घेरे में आ जाए तो सबसे ज्यादा चोट उन सपनों को लगती है, जो छात्र अपने भविष्य को संवारने के लिए वहां लेकर आते हैं। कुछ ऐसा ही दर्द सोमवार को जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे नर्सिंग कॉलेज के छात्र-छात्राओं की आवाज में झलकता नजर आया।
प्राचार्या पर छात्रों ने लगाए गंभीर आरोप
पीलीभीत रोड स्थित लभेडा टोल प्लाजा के पास कृतिका नर्सिंग कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने कॉलेज की प्राचार्या पर गंभीर आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी से शिकायत की है। छात्रों का कहना है कि कॉलेज में लंबे समय से कई अनियमितताएं चल रही हैं। जब छात्र इनका विरोध करते हैं तो उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता है। छात्रों ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
मानसिक उत्पीड़न का लगाया आरोप
छात्रों का आरोप है कि कॉलेज की प्राचार्या श्रीमती जिन्सी एम. वर्गीज द्वारा छात्र-छात्राओं का लगातार मानसिक उत्पीड़न किया जा रहा है। इस संबंध में पिछले एक वर्ष से कॉलेज प्रबंधन के मैनेजर डॉ. के.पी. गंगवार से शिकायत की जा रही है, लेकिन अब तक किसी प्रकार की ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इससे छात्रों में आक्रोश और असंतोष बढ़ता जा रहा है।
परीक्षा में फेल करने की धमकी का आरोप
छात्रों ने बताया कि कॉलेज में गलत गतिविधियों और पक्षपात का विरोध करने पर उन्हें एक्सटर्नल प्रैक्टिकल परीक्षा में फेल करने की धमकी दी जाती है। कई छात्रों का कहना है कि वे थ्योरी परीक्षा में पास हो जाते हैं, लेकिन प्रैक्टिकल में उन्हें जानबूझकर फेल कर दिया जाता है। इससे उनका भविष्य प्रभावित होने का डर बना रहता है और छात्र मानसिक दबाव में पढ़ाई करने को मजबूर हैं।
रिश्वत मांगने के भी लगाए आरोप
छात्रों ने आरोप लगाया कि एक्सटर्नल प्रैक्टिकल में पास कराने के नाम पर दो हजार रुपये की मांग की जाती है। वहीं स्कॉलरशिप फॉर्म आगे भेजने के नाम पर भी छात्रों से दो हजार रुपये वसूले जाने का आरोप लगाया गया है। छात्रों का कहना है कि भविष्य खराब करने की धमकी देकर उनसे पैसे मांगे जाते हैं, जिससे वे काफी मानसिक तनाव में हैं। इसी को लेकर बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे और शिकायत पत्र देकर पूरे मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की।