कविताओं के रंग में रंगा श्रीकृष्ण जन्माष्टमी मेला

सैंथल के श्रीकृष्ण इंटर कॉलेज में जन्माष्टमी मेले के तहत विराट कवि सम्मेलन हुआ, जिसमें हास्य, श्रृंगार और ओज रस की रचनाओं ने श्रोताओं को देर रात तक बांधे रखा।

कविताओं के रंग में रंगा श्रीकृष्ण जन्माष्टमी मेला
HIGHLIGHTS:

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी मेले के तहत श्रीकृष्ण इंटर कॉलेज में विराट कवि सम्मेलन आयोजित।

हास्य, श्रृंगार और ओज रस की कविताओं पर देर रात तक गूंजती रहीं तालियां।

देश के प्रख्यात कवियों और शायरों ने अपनी रचनाओं से श्रोताओं को बांधे रखा।

जन माध्यम
बरेली सैंथल।
नवाबगंज स्थित श्रीकृष्ण इंटर कॉलेज में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी मेला समिति के तत्वावधान में विराट कवि सम्मेलन आयोजित किया गया। देश के प्रख्यात कवियों ने हास्य, श्रृंगार और ओज रस की रचनाओं से देर रात तक श्रोताओं को बांधे रखा। हर रचना पर पंडाल तालियों से गूंजता रहा।

कवि सम्मेलन का शुभारंभ राजेश शर्मा की सरस्वती वंदना से हुआ। कवि कमलकांत श्रीवास्तव ने प्रेम भावनाओं से ओतप्रोत रचनाएं प्रस्तुत कीं, जबकि अविनाश चंद्र मिश्र ने जिंदगी के संघर्ष और उतार-चढ़ाव को अपनी कविताओं में पिरोया। अमित शुक्ला के तरन्नुम और शेरों को भी श्रोताओं ने खूब सराहा।

हास्य कवि उमेश त्रिगुणायत ने अपनी रचनाओं से श्रोताओं को ठहाके लगाने पर मजबूर कर दिया। वहीं कवयित्री कु. नेहा मिश्रा ने श्रृंगार रस की रचनाओं से समां बांध दिया।

कार्यक्रम का संचालन कवि एवं शायर डा. चैतन्य चेतन एडवोकेट ने अपने विशिष्ट अंदाज में किया। उन्होंने ओजपूर्ण रचना प्रस्तुत की, जिस पर पंडाल देर तक तालियों से गूंजता रहा।

कार्यक्रम का उद्घाटन विधायक डा. एम.पी. आर्य, नीरेन्द्र सिंह राठौर, नंदकिशोर श्रीवास्तव और कार्यक्रम अध्यक्ष विनोद गुप्ता ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

इस अवसर पर डा. ए.के. गंगवार, रामौतार गुप्ता, प्रदीप सूरी एडवोकेट, सुशील वर्मा, शरद गुप्ता, राकेश सक्सेना सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विनोद गुप्ता ने की।