फर्जी दस्तावेजों से लोन ठगी का गिरोह पकड़ा

बरेली के भोजीपुरा में फर्जी दस्तावेजों के जरिए 15 से 20 लाख रुपये तक का बैंक लोन स्वीकृत कराने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया। चार आरोपी गिरफ्तार हुए।

फर्जी दस्तावेजों से लोन ठगी का गिरोह पकड़ा
HIGHLIGHTS:

भोजीपुरा पुलिस ने फर्जी दस्तावेजों से बैंक लोन दिलाने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया।

चार आरोपी गिरफ्तार, 3.50 लाख रुपये नकद समेत बड़ी संख्या में दस्तावेज बरामद।

पुलिस के मुताबिक गिरोह 15 से 20 लाख रुपये तक का लोन स्वीकृत कराता था।

जन माध्यम
बरेली।
भोजीपुरा थाना पुलिस ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर लोगों को सरकारी योजना के नाम पर झांसा देकर बैंक से लोन दिलाने और रकम हड़पने वाले कथित गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी फरार बताया गया है।

एसपी उत्तरी मुकेश चंद्र मिश्र के अनुसार एसएसपी के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत भोजीपुरा पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम ने मुखबिर की सूचना पर मॉडर्न विलेज स्थित एक मकान में दबिश दी। यहां से राम नयन गुप्ता उर्फ कृष्ण कन्हैया, राकेश गुप्ता, अनिल गुप्ता और ऋषभ कुमार सक्सेना को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के मुताबिक आरोपी लोगों के आधार कार्ड पर नया सिम जारी कराकर पता बदलते थे। इसके बाद अलग-अलग बैंकों में खाते खुलवाकर फर्जी परिचय पत्र, फॉर्म-16 और वेतन पर्चियां तैयार की जाती थीं। खातों में वेतन के नाम पर रकम ट्रांसफर कर संबंधित व्यक्ति को सरकारी कर्मचारी दर्शाया जाता था। इसके बाद अच्छी सिबिल के आधार पर विभिन्न बैंकों से 15 से 20 लाख रुपये तक का लोन स्वीकृत कराया जाता था।

पुलिस के अनुसार लाभार्थियों को प्रधानमंत्री योजना के तहत लोन स्वीकृत होने का झांसा दिया जाता था। लोन मिलने के बाद कुछ रकम लाभार्थी को देकर शेष राशि चेक और एटीएम के माध्यम से निकालकर आपस में बांट ली जाती थी।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 3.50 लाख रुपये नकद, 75 एटीएम कार्ड, 28 चेकबुक, सात बैंक पासबुक, 12 मोबाइल फोन, 11 सिम कार्ड, कैनरा बैंक की मुहर, फर्जी वेतन पर्चियां, पहचान पत्र, आधार-पैन कार्ड समेत अन्य दस्तावेज बरामद किए हैं।

मामले में मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है। फरार आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और ठगी की रकम के संबंध में भी जांच कर रही है।