रेल राज्यमंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने परखी मुरादाबाद स्टेशन की व्यवस्थाएं
केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने मुरादाबाद रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर यात्री सुविधाओं, स्वच्छता और विकास कार्यों की सराहना की तथा अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ कार्य तेज करने के निर्देश दिए।
• केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने मुरादाबाद स्टेशन का निरीक्षण किया।
• स्वच्छता, यात्री सुविधाओं और आरपीएफ की कार्यप्रणाली की सराहना की।
• मंडल के विकास कार्यों की समीक्षा कर गुणवत्ता के साथ कार्य तेज करने के निर्देश दिए।
जन माध्यम
मुरादाबाद। टनकपुर में रेल परियोजनाओं के उद्घाटन समारोह से लौटते समय केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू का मुरादाबाद रेलवे स्टेशन पर आत्मीय इस्तकबाल किया गया। उत्तर रेलवे के मुरादाबाद मंडल की मंडल रेल प्रबंधक विनीता श्रीवास्तव ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उनका स्वागत किया और पीतल नगरी की विश्वविख्यात शिल्पकला का स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
स्टेशन पर ठहराव के दौरान रेल राज्यमंत्री ने प्लेटफॉर्म, स्टेशन परिसर और रेलवे ट्रैक का बारीकी से मुआयना किया। उन्होंने साफ-सफाई, मुसाफिरों के लिए उपलब्ध सहूलियतों, पंखों, प्रकाश व्यवस्था, ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों तथा रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की मुस्तैदी की सराहना की। इस दौरान उन्होंने यात्रियों से भी सीधे संवाद कर स्टेशन पर उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। यात्रियों ने भी स्टेशन पर मिल रही सुविधाओं पर संतोष जताया।
निरीक्षण के दौरान ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ के खोजी श्वान की सतर्कता और कार्यकुशलता से प्रभावित होकर रेल राज्यमंत्री ने उसे पुरस्कृत कर सम्मानित किया। इस पहल की अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी सराहना की।
इसके बाद रेल राज्यमंत्री ने मंडल रेल प्रबंधक विनीता श्रीवास्तव, अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) पारितोष गौतम तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में मुरादाबाद मंडल में चल रहे विकास कार्यों, आधारभूत संरचना के आधुनिकीकरण और यात्री सुविधाओं की प्रगति पर विस्तार से चर्चा हुई।
रेल राज्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि यात्रियों को बेहतर, सुरक्षित और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए विकास कार्यों को तय समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए। उन्होंने भरोसा जताया कि उत्तर रेलवे का मुरादाबाद मंडल आने वाले समय में यात्री सेवाओं और आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में नई मिसाल कायम करेगा।