रमज़ान व शिवरात्रि को लेकर पीस कमेटी की बैठक
सैंथल के थाना हाफिजगंज में रमज़ान व शिवरात्रि को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने को लेकर पीस कमेटी की बैठक हुई।
➡️ रमज़ान व शिवरात्रि को लेकर बैठक
➡️ थाना हाफिजगंज में आयोजन
➡️ शांति व सौहार्द पर जोर
सरफराज़ खान । जन माध्यम
सैंथल (बरेली)। रमज़ान और शिवरात्रि पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाए जाने के उद्देश्य से थाना हाफिजगंज परिसर में पीस कमेटी की बैठक संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी प्रवीन सिंह सोलंकी ने की।
थाना प्रभारी ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि त्यौहार आपसी भाईचारे का संदेश देते हैं और उनका वास्तविक आनंद तभी है जब सभी समुदाय मिल-जुलकर उन्हें मनाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि शांति व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ कानून सख्ती से कार्रवाई करेगा और किसी भी प्रकार की अराजकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में जिला पंचायत सदस्य मुन्ने अंसारी लियाकती ने एकता पर बल देते हुए कहा कि समाज की मजबूती आपसी भाईचारे से ही संभव है। जब तक लोग एकता के सूत्र में बंधे रहते हैं, तब तक वे सुरक्षित रहते हैं, लेकिन जैसे ही यह बंधन कमजोर पड़ता है, समाज भी कमजोर होने लगता है।
बैठक में चौकी इंचार्ज रिठौरा सत्यवीर गिरी, प्रधान खुर्शीद अहमद, ताराचंद, मोहम्मद उमर, प्रधान कलीम आज़ाद, मोहम्मद नूर सहित क्षेत्र की मस्जिदों के इमाम और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। सभी ने आपसी सहयोग से पर्वों को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने का आश्वासन दिया।