चौकी में समझौते के दौरान बवाल, छात्र पर दरोगा और सिपाहियों से मारपीट का आरोप
बहेड़ी के नारायण नगला पुलिस चौकी में शिक्षक-छात्र विवाद के समझौते के दौरान हंगामा हो गया। पुलिस ने छात्र पर चौकी प्रभारी और सिपाहियों से मारपीट का आरोप लगाया है, जबकि छात्रों के परिजनों ने पुलिस पर अभद्रता का आरोप लगाया है।
शिक्षक-छात्र विवाद के समझौते के दौरान पुलिस चौकी में हंगामा।
छात्र पर चौकी प्रभारी और पुलिसकर्मियों से मारपीट का आरोप, एक आरोपी गिरफ्तार।
छात्रों के परिजनों ने पुलिस पर अभद्र व्यवहार और दबाव बनाने का आरोप लगाया।
जन माध्यम
बहेड़ी। मानपुर कस्बे स्थित स्वामी विवेकानंद इंटर कॉलेज के एक शिक्षक और छात्र के बीच शुरू हुआ विवाद शनिवार को नारायण नगला पुलिस चौकी में उस समय हंगामे में बदल गया, जब समझौते के दौरान एक छात्र पर चौकी प्रभारी और पुलिसकर्मियों से मारपीट करने का आरोप लगा। घटना के बाद पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में ले लिया, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दी गई।
पुलिस के अनुसार, इंटर कॉलेज के शिक्षक कुलदीप सिंह का किसी बात को लेकर छात्र रोहित से विवाद हो गया था। आरोप है कि बाद में रोहित ने अपने साथियों संजय गुर्जर और अमित गुर्जर के साथ उनई मकरूका गांव के पास शिक्षक से मारपीट की। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि शिक्षक के साथ मौजूद एक महिला शिक्षिका से अभद्रता और छेड़छाड़ की गई।
शिकायत के बाद दोनों पक्षों को नारायण नगला पुलिस चौकी बुलाया गया, जहां समझौते का प्रयास किया गया। इसी दौरान मौजूद लोगों की ओर से छात्रों से शिक्षक से माफी मांगने की बात कही गई। आरोप है कि इस दौरान संजय गुर्जर ने पैर छूकर माफी मांगने से इनकार कर दिया। पुलिस का आरोप है कि इसके बाद उसने पहले एक सिपाही और फिर चौकी प्रभारी अमित बघेल के साथ हाथापाई कर दी, जिससे चौकी में अफरा-तफरी मच गई। मौके से अन्य आरोपी फरार हो गए, जबकि संजय को पुलिस ने पकड़ लिया।
घटना की सूचना पर क्षेत्राधिकारी अरुण कुमार सिंह और इंस्पेक्टर दिनेश कुमार शर्मा पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे और अन्य आरोपियों की तलाश की, लेकिन वे नहीं मिले।
शिक्षक कुलदीप सिंह की तहरीर पर रोहित, संजय गुर्जर और अमित गुर्जर के खिलाफ मारपीट, अभद्रता और महिला शिक्षिका से छेड़छाड़ सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं पुलिस ने सरकारी कार्य में बाधा, पुलिसकर्मियों से मारपीट और अन्य संबंधित धाराओं में भी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
दूसरी ओर, छात्रों के परिजनों ने आरोप लगाया है कि चौकी में उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया और छात्रों पर जबरन पैर छूकर माफी मांगने का दबाव बनाया गया। पुलिस का कहना है कि पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।