आंवला-बिसौली रोड पर दो सड़क हादसे, 11 साल की बच्ची की मौत, महिला समेत कई घायल
1. श्रद्धालुओं से भरी कार खाई में गिरी, महिला गंभीर
2. बस की टक्कर से घायल हुई बच्ची ने रास्ते में तोड़ा दम
आंवला, बरेली। रविवार को देहात के आंवला-बिसौली मार्ग पर दो अलग-अलग सड़क हादसों ने एक परिवार की बच्ची को छीन लिया, जबकि दूसरे हादसे में कई श्रद्धालु घायल हो गए। एक हादसे में 11 वर्षीय बच्ची की इलाज के दौरान मौत हो गई, वहीं दूसरे हादसे में एक महिला की हालत गंभीर बनी हुई है।
बस की टक्कर से घायल हुई बच्ची ने रास्ते में तोड़ा दम
मनोना गांव के रहने वाले खुशबुद्दीन रविवार को अपनी बेटी शिफा (11) व अन्य बच्चों और पत्नी के साथ बाइक से आंवला दवा दिलवाने जा रहे थे। इसी दौरान बिसौली रोड पर एक श्रद्धालुओं से भरी बस ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि शिफा गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन तुरंत उसे आंवला के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां से गंभीर हालत में बरेली रेफर कर दिया गया। लेकिन बरेली ले जाते समय रास्ते में ही बच्ची ने दम तोड़ दिया। बच्ची चार भाई-बहनों में सबसे छोटी थी। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस लखीमपुर खीरी के पलिया क्षेत्र से श्रद्धालुओं को लेकर आंवला आई थी और वापस जा रही थी। हादसे के बाद चालक बस को लोधी पेट्रोल पंप पर खड़ा कर फरार हो गया। पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है।
श्रद्धालुओं से भरी कार खाई में गिरी, महिला गंभीर
दूसरी घटना में आंवला-बिसौली मार्ग पर मनोना धाम से दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं की वैगनआर कार अचानक अनियंत्रित होकर एक बोर्ड से टकराई और फिर सड़क किनारे खाई में जाकर पेड़ से भिड़ गई। हादसे में एक महिला गंभीर रूप से घायल हुई, जबकि अन्य श्रद्धालुओं को भी चोटें आईं। चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने कार के गेट तोड़कर घायलों को बाहर निकाला। सभी श्रद्धालु मुजफ्फरनगर से बाबा श्याम के दर्शन के लिए आए थे। घायल महिला को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।