इज्जतनगर पुलिस मुठभेड़ में लूट के दो आरोपी गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली

बरेली के इज्जतनगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान लूट के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि दूसरे के कब्जे से लूटा गया मंगलसूत्र बरामद हुआ। पुलिस तीसरे आरोपी की तलाश में जुटी है।

इज्जतनगर पुलिस मुठभेड़ में लूट के दो आरोपी गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली
HIGHLIGHTS:

इज्जतनगर पुलिस की मुठभेड़ में लूट के दो आरोपी गिरफ्तार।

जवाबी फायरिंग में एक आरोपी के पैर में लगी गोली, दूसरे से लूटा गया मंगलसूत्र बरामद।

मामले में तीसरे आरोपी की तलाश जारी, दोनों के खिलाफ आपराधिक इतिहास होने का दावा

जन माध्यम
बरेली। 
इज्जतनगर थाना पुलिस ने शुक्रवार देर रात सैदपुर पिकेट चेक पोस्ट के पास हुई मुठभेड़ के बाद लूट के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ के दौरान जवाबी फायरिंग में एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि दूसरे आरोपी को पीछा कर गिरफ्तार कर लिया गया। घायल आरोपी को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के मुताबिक, चेकिंग के दौरान पीलीभीत रोड की ओर से आ रही एक स्प्लेंडर बाइक को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन बाइक सवार नहीं रुके और भागने लगे। पीछा करने पर उनकी बाइक फिसलकर खेत में गिर गई। पुलिस का आरोप है कि इसके बाद पीछे बैठे युवक ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें जीतू उर्फ जतिन (22) निवासी काशीराम कॉलोनी के पैर में गोली लगी। पुलिस ने उसके कब्जे से .315 बोर का तमंचा, एक खोखा और एक जिंदा कारतूस बरामद होने का दावा किया है।

दूसरे आरोपी शिवा (20) निवासी चनेहटा को घटनास्थल से करीब 100 मीटर दूर गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार, उसकी तलाशी के दौरान 11 जुलाई को आलोक नगर में हुई लूट का मंगलसूत्र बरामद हुआ। पुलिस ने यह भी बताया कि बरामद स्प्लेंडर बाइक का इस्तेमाल उसी लूट की घटना में किया गया था।

इज्जतनगर थाने में दर्ज लूट के मुकदमे की विवेचना के दौरान तीसरे आरोपी लकी उर्फ पवन की संलिप्तता भी सामने आने का पुलिस ने दावा किया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम तलाश कर रही है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास है। मुठभेड़ के संबंध में अलग से मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।