सप्तशक्ति संगम कार्यक्रम ने दिया नारी जागरण और समाज परिवर्तन का संदेश

सेंथल के सरस्वती शिक्षा विद्या मंदिर में आयोजित सप्तशक्ति संगम कार्यक्रम में 250 से अधिक मातृशक्तियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में नारी आत्मगौरव, कर्तव्यबोध और समाज परिवर्तन पर मंथन हुआ।

सप्तशक्ति संगम कार्यक्रम ने दिया नारी जागरण और समाज परिवर्तन का संदेश
HIGHLIGHTS:

➡️ सरस्वती शिक्षा विद्या मंदिर सेंथल में सप्तशक्ति संगम का आयोजन
➡️ 250 से अधिक माताएं-बहनें कार्यक्रम में शामिल
➡️ नारी आत्मगौरव और कर्तव्यबोध पर जोर
➡️ भारत के विकास में महिलाओं की भूमिका पर वक्तव्य
➡️ रानी लक्ष्मीबाई व सामाजिक विषयों पर प्रेरक मंचन
➡️ विशिष्ट माताओं और पत्रकार हुजैफ पठान का सम्मान
➡️ शांतिमंत्र और संकल्प के साथ कार्यक्रम संपन्न

जन माध्यम।

सरफराज़ खान। सेंथल (बरेली)।

सरस्वती शिक्षा विद्या मंदिर, लावाखेड़ा सेंथल में सप्तशक्ति संगम कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य मातृशक्ति में आत्मगौरव की भावना को मजबूत करना और सामाजिक दायित्वों के प्रति जागरूकता पैदा करना रहा। आयोजन में बड़ी संख्या में माताएं और बहनें शामिल हुईं।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि खुशबू गंगवार, विशिष्ट अतिथि छाया सागर, जिलाध्यक्ष महिला मोर्चा भाजपा स्वाति कुमार गंगवार तथा कार्यक्रम अध्यक्ष शिवांगी गंगवार द्वारा मां शारदे के समक्ष दीप प्रज्वलन कर किया गया।

मुख्य अतिथि खुशबू गंगवार ने कुटुंब प्रबोधन और पर्यावरण संरक्षण में नारी की भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि परिवार और समाज को दिशा देने में महिलाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है।

मुख्य वक्ता स्वाति कुमार गंगवार ने भारत के विकास में महिलाओं की भागीदारी पर प्रकाश डालते हुए नागरिक कर्तव्यों के पालन की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि सशक्त नारी ही सशक्त समाज की नींव होती है।

कार्यक्रम अध्यक्ष शिवांगी गंगवार ने बाल वीरांगनाओं के प्रेरक प्रसंग सुनाकर मातृशक्ति को जागृत किया। उन्होंने एकल परिवार की चुनौतियों और कुटुंब प्रबोधन की आवश्यकता पर भी विस्तार से विचार रखे।

कार्यक्रम के दौरान रानी लक्ष्मीबाई के जीवन और मोबाइल के दुष्परिणामों पर आधारित मंचन ने उपस्थित महिलाओं को गहराई से सोचने पर मजबूर किया। इसके साथ ही समाज में उल्लेखनीय योगदान देने वाली विशिष्ट माताओं को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का समापन नारीशक्ति द्वारा अपनी अंतर्निहित शक्ति को पहचानने और सामाजिक परिवर्तन के लिए सक्रिय भूमिका निभाने के संकल्प तथा शांतिमंत्र के साथ किया गया।

इस अवसर पर पूर्व संभाग निरीक्षक हरीश कुमार गंगवार, डॉ. भूपराम गंगवार, पुष्पेंद्र गंगवार, प्रधान हरीश गंगवार, प्रधानाचार्य लाल सिंह गंगवार, लाल बहादुर गंगवार, सूर्यप्रकाश, परमानंद, आशीष देवल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। पत्रकार हुजैफ पठान को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में प्राची गंगवार, रोशनी, सविता सिंह सहित 250 से अधिक माताओं-बहनों की सहभागिता रही।