पड़ोसी देश का दर्द,भारत से उम्मीद

डॉ. प्रवीण तोगड़िया ने बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे कथित अत्याचार को लेकर भारत सरकार से कड़े कदम उठाने की मांग की।

पड़ोसी देश का दर्द,भारत से उम्मीद
HIGHLIGHTS:

➡️ बांग्लादेश में हिंदुओं की सुरक्षा को लेकर मुखर हुए डॉ. तोगड़िया
➡️ भारत सरकार से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हस्तक्षेप की मांग
➡️ जनजागरण और शांतिपूर्ण आंदोलनों की घोषणा
➡️ सस्ती शिक्षा, स्वास्थ्य और महिला सुरक्षा पर जोर

जन माध्यम। बरेली।

राष्ट्रीय बजरंग दल के संस्थापक डा. प्रवीण भाई तोगड़िया ने बांग्लादेश में हिंदुओं के कथित उत्पीड़न का मुद्दा उठाते हुए भारत सरकार से ठोस और प्रभावी कदम उठाने की मांग की। आंवला स्थित स्वर्ण पैलेस में आयोजित कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि पड़ोसी देश में अल्पसंख्यक हिंदुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना भारत की संवैधानिक और नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने इस विषय पर केंद्र सरकार से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हस्तक्षेप और कूटनीतिक प्रयास तेज करने की अपील की।

डा. तोगड़िया ने कहा कि राष्ट्रीय बजरंग दल बांग्लादेश में हिंदुओं की स्थिति को लेकर जनजागरण और शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन के माध्यम से अपनी बात रख रहा है। उनका कहना था कि संगठन जमीनी स्तर पर सक्रिय रहकर पीड़ितों की आवाज को आगे बढ़ाने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह इस दिशा में आवश्यक निर्णय लेंगे। कार्यक्रम के दौरान डा. तोगड़िया ने संगठन के सामाजिक एजेंडे पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने सस्ती शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं, छात्रवृत्ति, महिला आत्म सुरक्षा प्रशिक्षण और किसानों को उनकी उपज का पूरा मूल्य दिलाने जैसे मुद्दों को प्राथमिकता बताया। साथ ही, उन्होंने सांस्कृतिक जागरूकता के लिए घर-घर हनुमान चालीसा पाठ और युवाओं को सकारात्मक दिशा देने की बात कही। उन्होंने जनसंख्या नीति, समान नागरिक संहिता और घुसपैठ जैसे विषयों पर भी अपनी राय रखी और कहा कि इन मुद्दों पर व्यापक राष्ट्रीय विमर्श की आवश्यकता है।

डा. तोगड़िया ने जोर दिया कि सभी नीतिगत निर्णय संवैधानिक ढांचे और कानून के दायरे में रहकर होने चाहिए। कार्यक्रम में संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की बड़ी संख्या मौजूद रही। नगर सीमा पर डा. तोगड़िया का स्वागत किया गया और कार्यक्रम के दौरान विभिन्न वक्ताओं ने अपने विचार रखे। संचालन डा. विजय वर्मा ने किया।


वहीं अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद व बजरंग दल के संस्थापक डॉ. प्रवीण भाई तोगड़िया ने कहा कि सुरक्षित, समृद्धिवान और सशक्त हिंदू समाज का निर्माण उनका संकल्प है और हिंदू समाज के सम्मान से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चिकित्सकों से आह्वान किया कि वे इंडिया हेल्थ लाइन से जुड़कर गरीब हिंदुओं की सेवा करें।

डॉ. प्रवीण तोगड़िया रविवार को भोजीपुरा क्षेत्र में आयोजित विशाल हिंदू सम्मेलन को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। इससे पूर्व उन्होंने प्रभु श्रीराम और हनुमान जी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित किया। जिलाध्यक्ष विवेक गंगवार ने जय श्रीराम का अंगवस्त्र पहनाकर उनका स्वागत किया। अपने संबोधन में डॉ. तोगड़िया ने कहा कि देशभर में 11 लाख हनुमान केंद्र स्थापित किए गए हैं, जो हिंदू समाज के लिए सहायता केंद्र के रूप में कार्य करेंगे। उन्होंने बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे हमलों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि वहां के हिंदुओं की रक्षा करना भारत सरकार की जिम्मेदारी है। साथ ही भारत में रह रहे बांग्लादेशी नागरिकों को देश से बाहर किए जाने की मांग की।

अंतर्राष्ट्रीय हिन्दू परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ0 प्रवीण सिंह तोगड़िया का बहेड़ी नगर में ज़ोरदार स्वागत किया गया। इस दौरान नगर में एक भव्य जुलूस निकाला गया जिसमे जनसैलाब उमड़ पड़ा। जुलूस के बाद हुए कार्यक्रम में प्रवीण सिंह तोगड़िया ने कहा कि किसानो को उनकी उपज का सही मूल्य न मिलना ही देश की सबसे बढ़ी त्रासदी है।