आत्मदाह के प्रयास के बाद जिला अधिकारी कार्यालय की सुरक्षा बढ़ी, फरियादियों की सघन चेकिंग शुरू
बरेली जिला अधिकारी कार्यालय में आत्मदाह के प्रयास की घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। एलआईयू और पुलिस की टीम कार्यालय आने वाले सभी फरियादियों की सघन तलाशी ले रही है।
जिला अधिकारी कार्यालय में आत्मदाह के प्रयास के बाद सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई।
एलआईयू और पुलिस की टीम फरियादियों की सघन चेकिंग कर रही है।
प्रशासन के निर्देश पर ज्वलनशील पदार्थ लेकर आने वालों पर विशेष नजर रखी जा रही है।
जन माध्यम
बरेली। जिला अधिकारी कार्यालय परिसर में हाल ही में आत्मदाह के प्रयास की घटना के बाद प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी है। जिलाधिकारी के निर्देश पर कार्यालय आने वाले प्रत्येक फरियादी और आगंतुक की सघन जांच की जा रही है, ताकि कोई भी व्यक्ति पेट्रोल, माचिस या अन्य ज्वलनशील पदार्थ लेकर परिसर में प्रवेश न कर सके।
शुक्रवार को एलआईयू और पुलिस की संयुक्त टीम ने जिला अधिकारी कार्यालय के मुख्य प्रवेश द्वार पर सर्च अभियान चलाया। इस दौरान कार्यालय में आने-जाने वाले लोगों की तलाशी ली गई और उनके सामान की भी जांच की गई।
प्रशासन का यह कदम हाल ही में हुई उस घटना के बाद उठाया गया है, जिसमें बहेड़ी थाना क्षेत्र के अल्लाहतापुर निवासी नेतराम की पत्नी मीना कुमारी (लगभग 60 वर्ष) ने कथित रूप से अपने पुत्र के पुलिस द्वारा उत्पीड़न से परेशान होकर जिला अधिकारी कार्यालय परिसर में आत्मदाह का प्रयास किया था। मौके पर मौजूद एलआईयू कर्मी अमित कुमार ने तत्परता दिखाते हुए महिला को बचा लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
प्रशासन का कहना है कि जिला अधिकारी कार्यालय में आने वाले लोगों की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से यह चेकिंग अभियान जारी रहेगा। वहीं, किसी भी संदिग्ध वस्तु या ज्वलनशील पदार्थ के साथ प्रवेश करने वालों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।