बरेली में प्रवर्तन निदेशालय की कार्रवाई के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन
1. सोनिया गांधी और राहुल गांधी पर लगे आरोपों को बताया राजनीति से प्रेरित
Bareilly News : बरेली में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के नेशनल हेराल्ड मामले में कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष सांसद राहुल गांधी सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के खिलाफ की गई कार्रवाई के विरोध में बुधवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जबरदस्त प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मिर्जा अशफाक सकलैनी और महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एडवोकेट दिनेश दद्दा के नेतृत्व में आयोजित किया गया। प्रदर्शन की शुरुआत रामपुर गार्डन स्थित कांग्रेस कार्यालय से हुई। यहां बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एकत्र हुए। वह नारेबाजी कर धनवंतरी तोमर चौराहा होकर चौकी चौराहा स्थित महात्मा गांधी प्रतिमा पार्क पहुंचे। वहां हाथों में स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर धरने पर बैठ गए।
डबल इंजन सरकार एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है: मिर्जा अशफाक सकलैनी
प्रदर्शन से पूर्व कांग्रेस कार्यालय पर कार्यकर्ताओं को संबोधित कर मिर्जा अशफाक सकलैनी ने कहा कि “डबल इंजन भाजपा सरकार अपने गिरते जनाधार से घबरा गई है और अब ईडी जैसी संस्थाओं का दुरुपयोग कर रही है, लेकिन कांग्रेसजन डरने वाले नहीं हैं। हम सच्चाई की राह पर हैं और हर अन्याय के खिलाफ डटकर खड़े रहेंगे।”
महंगाई, बेरोजगारी से ध्यान हटाने की साजिश : एडवोकेट दिनेश दद्दा
महानगर कांग्रेस अध्यक्ष दिनेश दद्दा ने कहा,“देश में हर तरफ महंगाई, बेरोजगारी, अपराध और किसानों की दुर्दशा के हालात हैं। डबल इंजन सरकार इन मुद्दों से ध्यान हटाने के लिए कांग्रेस नेताओं को निशाना बना रही है, लेकिन हम ऐसे हथकंडों से डरने वाले नहीं हैं।”
तानाशाही नहीं चलेगी: डॉ. के बी त्रिपाठी
पूर्व महापौर प्रत्याशी गुरु जी डॉ. के बी त्रिपाठी ने कहा कि भाजपा की सरकार अब तानाशाही पर उतर आई है, लेकिन देश की जनता यह बर्दाश्त नहीं करेगी। राहुल गांधी की परिवर्तन यात्रा के बाद कांग्रेस का जनाधार तेजी से बढ़ा है। इससे घबराकर भाजपा सरकारी एजेंसियों का सहारा ले रही है।
कार्यक्रम में कांग्रेसी शामिल
इस प्रदर्शन में कांग्रेस के अनेक वरिष्ठ और सक्रिय कार्यकर्ता शामिल रहे। इसमें जिया उर रहमान, कासिम कश्मीरी, नाहिद सुल्ताना, रमेश श्रीवास्तव, सैयद सफदर अली, मोमीन कुरैशी, मोहम्मद नदीम, सुरेश दिवाकर, कमरुद्दीन सैफी, नजमी खान, जोया, सूबेदार एस एस गौतम, मुजम्मिल रज़ा एडवोकेट, पाक़ीज़ा खान, विनोद कुमार, इमरान रज़ा एडवोकेट, आरबी सिंह प्रजापति, आबिद हुसैन, गौतम आनंद, सतीश चंद्र, तारीख शहजाद, कैफी अहमद, मोहम्मद आमिर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन मौजूद रहे।