मनरेगा पर भ्रष्टाचार,जी राम जी से विपक्ष बेचैन
डिप्टी CM केशव मौर्य ने बरेली में प्रेसवार्ता में कांग्रेस पर मनरेगा में भ्रष्टाचार का आरोप लगाया और जी राम जी योजना के तहत 125 दिन रोजगार व सात दिन में भुगतान का आश्वासन दिया।
➡️ डिप्टी CM ने कांग्रेस पर मनरेगा भ्रष्टाचार का आरोप लगाया
➡️ जी राम जी योजना: 125 दिन रोजगार
➡️ सात दिन में मजदूरी भुगतान सुनिश्चित
➡️ कोई एनजीओ या बिचौलिया नहीं, सीधे काम
➡️ श्रमिक पलायन रोकने और रोजगार बढ़ाने का लक्ष्य
जन माध्यम। बरेली।
उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शनिवार को सर्किट हाउस में आयोजित प्रेसवार्ता में कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए मनरेगा के नाम पर बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में मनरेगा केवल कागजों तक सिमट कर रह गई थी और गरीब श्रमिकों को उनके हक का लाभ नहीं मिल सका। यही कारण है कि जब भाजपा सरकार ने श्रमिकों के हित में नई और प्रभावी योजना ‘जी राम जी’ को धरातल पर उतारने का संकल्प लिया, तो विपक्ष को पेट में दर्द हो रहा है। डिप्टी सीएम केशव मौर्य ने कहा कि भाजपा सरकार में श्रमिकों को सिर्फ घोषणाएं नहीं, बल्कि वास्तविक रोजगार और समयबद्ध भुगतान की गारंटी दी जा रही है। जी राम जी योजना के तहत श्रमिकों को अब सौ दिन नहीं, बल्कि एक सौ पच्चीस दिन का रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा। इतना ही नहीं, मजदूरी का भुगतान सात दिन के भीतर अनिवार्य रूप से किया जाएगा, अन्यथा संबंधित श्रमिक को ब्याज सहित भुगतान किया जाएगा। यह व्यवस्था श्रमिकों के सम्मान और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए बनाई गई है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जी राम जी योजना में किसी भी एनजीओ या बिचौलिया तंत्र के माध्यम से कार्य नहीं कराया जाएगा। काम सीधे जरूरत के हिसाब से चिन्हित कर श्रमिकों को दिया जाएगा, ताकि भ्रष्टाचार की कोई गुंजाइश न रहे। योजना का उद्देश्य केवल अस्थायी रोजगार देना नहीं, बल्कि श्रमिकों को रोजगारोन्मुख और आत्मनिर्भर बनाना है। यही वजह है कि जी राम जी को पारदर्शिता और जवाबदेही का मॉडल बताया जा रहा है।
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए डिप्टी सीएम ने कहा कि मनरेगा में हुए भ्रष्टाचार की सच्चाई देश और प्रदेश की जनता जानती है। महीनों तक मजदूरी न मिलने के कारण श्रमिकों को मजबूरी में पलायन करना पड़ता था। कांग्रेस सरकारों में गरीबों को सिर्फ आश्वासन मिले, जबकि जमीन पर हालात बद से बदतर होते चले गए। इसके विपरीत, भाजपा सरकार श्रमिकों के पलायन को रोकने के लिए रोजगार के दिन बढ़ा रही है और यदि किसी कारणवश काम उपलब्ध नहीं हो पाता, तो भी मानदेय देने की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। केशव मौर्य ने दावा किया कि आगामी छह महीनों में जी राम जी योजना पूरी तरह धरातल पर नजर आएगी और इसका लाभ प्रदेश के लाखों श्रमिकों को मिलेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियां गरीब, किसान और मजदूर के जीवन में वास्तविक बदलाव लाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। प्रेसवार्ता के दौरान भाजपा के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। इनमें महानगर अध्यक्ष अधीर सक्सेना, मीरगंज विधायक डीसी वर्मा, एमएलसी कुंवर महाराज सिंह, पूर्व सांसद धर्मेन्द्र कश्यप, सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार, जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल रहे।