अपहरण कांड: मुठभेड़ में दो गिरफ्तार, 1 फरार

अपहरण कांड: मुठभेड़ में दो गिरफ्तार, 1 फरार

बरेली। भोजीपुरा और देवरनिया थानों की संयुक्त टीम ने जनपद बांदा में हुई अपहरण की घटना में वांछित दो अभियुक्तों को मुठभेड़ के दौरान घायल अवस्था में गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से दो तमंचे, जिंदा कारतूस, बिना नंबर की मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन, और अपहृत से छीनी गई चैन व अंगूठी बरामद हुई हैं।

जनपद बांदा के थाना कोतवाली नगर में अपहृत हरीश कटियार पुत्र गंगासरन कटियार के अपहरण का मामला पंजीकृत था। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि वांछित अभियुक्त भोजीपुरा और देवरनिया क्षेत्र में छिपे हुए हैं। बुधवार सुबह पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर सेमीखेड़ा फाटक और भोपतपुर मार्ग पर घेराबंदी की।

इस दौरान अभियुक्तों ने पुलिस पर फायरिंग की। आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी फायरिंग में रजत उर्फ उमेश और खेमेन्द्र दोनों अभियुक्त घायल हो गए और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि अपहृत हरीश कटियार का अपहरण उनके चचेरे भाई अनूप कटियार के कहने पर किया गया था।

योजना के अनुसार हरीश को बहाने से अपने साथ ले जाकर अपहरण करना था, लेकिन योजना फेल होने पर उन्होंने हरीश को जबरदस्ती उठा लिया। इस कार्रवाई में पुलिस टीम के दो सदस्य भी घायल हुए हैं। सभी घायलों को उपचार हेतु अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने मामला पंजीकृत कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।