फरीदपुर विधायक डॉ. श्याम बिहारी लाल का निधन
फरीदपुर से भाजपा विधायक डॉ. श्याम बिहारी लाल का बरेली में हार्ट अटैक से निधन हो गया, सर्किट हाउस में बिगड़ी थी तबीयत।
➡️ फरीदपुर विधायक डॉ. श्याम बिहारी लाल का निधन
➡️ सर्किट हाउस में अचानक बिगड़ी तबीयत
➡️ मेडिसिटी अस्पताल में हार्ट अटैक से मौत
➡️ बैठक के दौरान सीने में उठा तेज दर्द
➡️ डॉक्टरों के तमाम प्रयास रहे असफल
➡️ एक दिन पहले मनाया था जन्मदिन
➡️ भाजपा व शिक्षा जगत में शोक की लहर
➡️ पत्नी, दो बेटियां और एक बेटा परिवार में
हसीन दानिश। जन माध्यम।
फरीदपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक और रुहेलखंड विश्वविद्यालय के प्रोफेसर डॉ. श्याम बिहारी लाल का शुक्रवार को आकस्मिक निधन हो गया। बरेली सर्किट हाउस में अचानक तबीयत बिगड़ने पर उन्हें तत्काल मेडिसिटी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान हार्ट अटैक से उन्होंने दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार दोपहर सर्किट हाउस में पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह की एसआईआर से संबंधित बैठक चल रही थी। इसी दौरान डॉ. श्याम बिहारी लाल को सीने में तेज और असहनीय दर्द हुआ। हालत बिगड़ते देख अधिकारियों और सहयोगियों में अफरा-तफरी मच गई और उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
मेडिसिटी अस्पताल में चिकित्सकों ने सीपीआर सहित तमाम चिकित्सकीय प्रयास किए, लेकिन उनकी हालत लगातार नाजुक होती चली गई। डॉक्टरों की कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका। डॉ. विमल भारद्वाज ने बताया कि हरसंभव प्रयास किए गए, लेकिन जान नहीं बच सकी।
दुखद संयोग यह रहा कि डॉ. श्याम बिहारी लाल ने एक दिन पहले ही अपना जन्मदिन मनाया था। वह भाजपा के टिकट पर फरीदपुर से लगातार दूसरी बार विधायक चुने गए थे। इसके साथ ही वह महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय में प्रोफेसर के पद पर कार्यरत रहे और शिक्षा जगत में उनका विशेष सम्मान था।
उनके आकस्मिक निधन से भाजपा संगठन, विश्वविद्यालय परिवार और फरीदपुर क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। राजनीतिक और शैक्षणिक जगत के लोगों ने गहरा दुख व्यक्त किया है। डॉ. श्याम बिहारी लाल के परिवार में पत्नी मंजूलता, दो बेटियां और एक बेटा हैं। उनकी एक बेटी बरेली में रक्षा संपदा अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं।