बरेली के मशहूर हकीम को रातभर रखा डिजिटल अरेस्ट

बरेली के हकीम खुर्शीद मुराद सिद्दीकी को एटीएस अधिकारी बनकर साइबर ठगों ने धमकाया। मैनेजर की सतर्कता से ढाई करोड़ की कथित फंडिंग के नाम पर ठगी की साजिश नाकाम हुई।

बरेली के मशहूर हकीम को रातभर रखा डिजिटल अरेस्ट
ऐ आई द्वारा सांकेतिक फोटो
HIGHLIGHTS:

एटीएस अधिकारी बनकर साइबर ठगों ने हकीम पर ढाई करोड़ की आतंकी फंडिंग का लगाया आरोप।

गिरफ्तारी का डर दिखाकर पूरी रात कमरे में रखा डिजिटल अरेस्ट।

मैनेजर की सतर्कता और पुलिस के हस्तक्षेप से बड़ी ठगी टली, दिल्ली में लोकेशन मिलने की बात।

जन माध्यम
बरेली। साइबर ठगों ने शहर के मशहूर हकीम खुर्शीद मुराद सिद्दीकी को निशाना बनाया। खुद को एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (एटीएस) का अधिकारी बताकर जालसाजों ने उन पर आतंकियों को ढाई करोड़ रुपये की फंडिंग का आरोप लगाया। गिरफ्तारी का खौफ दिखाकर उन्हें पूरी रात डिजिटल अरेस्ट रखा। घबराकर हकीम कमरे में बंद हो गए और परिवार को भीतर आने से रोक दिया। सुबह बैंक खुलते ही खाते से रकम निकलवाने की साजिश थी, लेकिन मैनेजर की सतर्कता और पुलिस के हस्तक्षेप से वह ठगी से बच गए।

सर्किट हाउस चौराहे के पास चिकित्सालय चलाने वाले हकीम की पहचान देश-विदेश तक है। बेटे डॉ. अमीद मुराद के मुताबिक, शुक्रवार रात आठ बजे उनके मोबाइल पर अनजान नंबर से व्हाट्सएप कॉल आई। कॉल करने वाली महिला ने खुद को एटीएस लखनऊ की अधिकारी बताया। फिर एक व्यक्ति से बात कराई, जिसने वरिष्ठ अधिकारी बनकर उन्हें आपराधिक मामले में फंसाने की धमकी दी।

कथित अधिकारी ने दावा किया कि हकीम के आधार कार्ड से पश्चिम बंगाल के हुगली में बैंक खाता खोला गया है। इस खाते से आतंकवादी संगठनों को 2.50 करोड़ रुपये भेजे गए। गिरफ्तार आतंकी से पूछताछ में उनका नाम सामने आने और वारंट जारी होने की बात कही गई। ठगों ने चेताया कि बैंक खातों की जांच हो रही है। सहयोग नहीं करने पर गिरफ्तारी होगी।

धमकियों से हकीम घबरा गए। उन्होंने खुद को कमरे में बंद कर लिया। परिवार के सदस्य मिलने पहुंचे तो उन्हें वापस जाने को कहा। बेटे को भी भीतर आने से रोक दिया। पिता का अचानक सबसे अलग हो जाना देखकर परिवार परेशान रहा, लेकिन किसी को ठगी की साजिश का अंदाजा नहीं था। जालसाज फोन पर उन्हें अपने निर्देश मानने का दबाव डालते रहे।

ठगों की नजर उनके बैंक खातों पर थी। उन्होंने खातों और लेनदेन की जानकारी मांगी। मोबाइल में ऑनलाइन बैंकिंग की सुविधा होने के बारे में भी पूछा। हालांकि, हकीम ऑनलाइन बैंकिंग नहीं करते। उनके पास एटीएम कार्ड और डिजिटल भुगतान का एप भी नहीं था। यही आदत उनके लिए सुरक्षा कवच बनी। ठगों ने उन्हें सुबह बैंक जाकर निर्देशों के मुताबिक लेनदेन करने को कहा। आशंका है कि उनसे बड़ी रकम अपने खातों में भेजने की तैयारी थी।

रातभर चले इस सिलसिले के बाद सुबह हकीम के मैनेजर घर पहुंचे। उनकी हालत और बातचीत से मैनेजर को संदेह हुआ। उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस के हस्तक्षेप पर सामने आया कि एटीएस अधिकारी बनकर डराने वाले लोग साइबर अपराधी हैं। समय रहते साजिश खुलने से हकीम बड़ी आर्थिक ठगी से बच गए।

प्रारंभिक जांच में साइबर अपराधियों की लोकेशन दिल्ली में मिलने की बात सामने आई है। बरेली साइबर क्राइम पुलिस दिल्ली पुलिस की मदद से आरोपियों तक पहुंचने की तैयारी में है। साइबर थाना प्रभारी धनंजय पांडेय के मुताबिक, हकीम की शिकायत पर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने आरोपियों को कार्रवाई की चेतावनी दी, लेकिन वे अभद्रता कर कॉल काटते रहे। साइबर टीम तकनीकी साक्ष्यों से उनकी पहचान में जुटी है।

डिजिटल अरेस्ट के नाम पर डराकर ठगी की कोशिशें बढ़ रही हैं। इससे पहले फतेहगंज पूर्वी में एक सेवानिवृत्त दरोगा और उनके बेटे को भी धमकाकर ठगी का प्रयास किया गया था। पुलिस से शिकायत करने के कारण वे आर्थिक नुकसान से बच गए।