बरेली में फूटा गुस्सा: अर्जुन मौर्य के हत्यारों की गिरफ्तारी के लिए सड़क पर उतरा परिवार
बरेली के थाना बारादरी क्षेत्र में डीजे ऑपरेटर अर्जुन मौर्य की हत्या के बाद परिजनों का गुस्सा भड़क उठा। इंसाफ की मांग को लेकर गुस्साए लोगों और परिजनों ने पोस्टमार्टम हाउस के बाहर मुख्य सड़क पर जाम लगा दिया, जिससे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
डीजे कर्मी अर्जुन मौर्य की जघन्य हत्या से भड़के परिजनों और स्थानीय निवासियों ने पोस्टमार्टम हाउस के बाहर शव रखकर प्रदर्शन किया और सड़क पर चक्का जाम कर दिया।
जाम की सूचना मिलते ही कई थानों की पुलिस और आला अधिकारी मौके पर पहुंचे; भीड़ को समझाने और त्वरित कानूनी कार्रवाई का भरोसा देने के बाद बमुश्किल जाम खुलवाया जा सका।
पिता राकेश मौर्य ने आरोप लगाया कि नामजद आरोपी इलाके के चिन्हित दबंग हैं और उनके बेटे की हत्या एक सोची-समझी साजिश के तहत की गई है।
हसीन दानिश/जन माध्यम
बरेली। जनपद के थाना बारादरी क्षेत्र अंतर्गत गोसाई घोटिया इलाके में 21 वर्षीय होनहार डीजे ऑपरेटर अर्जुन मौर्य की गोली मारकर की गई हत्या का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। मेहनत-मजदूरी कर अपने बूढ़े माता-पिता का सहारा बने जवान बेटे की असमय मौत से जहां एक ओर पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, वहीं दूसरी ओर इस दुस्साहसिक वारदात को लेकर स्थानीय जनता का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया है। मंगलवार को शव का पोस्टमार्टम होने के दौरान इंसाफ की मांग को लेकर परिजनों और सैकड़ों ग्रामीणों ने सड़क पर उतरकर उग्र प्रदर्शन किया।
सोमवार देर रात डेलापीर स्थित एक मैरिज होम से काम खत्म कर घर लौट रहे अर्जुन को रास्ते में रोककर चार नामजद बदमाशों ने सिर में गोली मार दी थी। मंगलवार सुबह जैसे ही अर्जुन का शव पोस्टमार्टम हाउस पहुंचा, वहां पहले से ही भारी संख्या में गोसाई घोटिया और आसपास के क्षेत्रों के लोग सुरक्षा व्यवस्था के खिलाफ लामबंद होने लगे थे। कातिलों की तत्काल गिरफ्तारी और उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग को लेकर गुस्साए प्रदर्शनकारियों ने मुख्य मार्ग को चारों तरफ से घेर लिया और सड़क पर जाम लगा दिया।
सड़क पर चक्का जाम होने के कारण देखते ही देखते वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और शहर का मुख्य यातायात पूरी तरह ठप हो गया। मामले की संवेदनशीलता और बिगड़ते लॉ एंड ऑर्डर को देखते हुए शहर के कई थानों की पुलिस फोर्स और आला प्रशासनिक अधिकारी भारी संख्या में पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
अधिकारियों ने रोते-बिलखते पिता राकेश मौर्य और पीड़ित महिलाओं को ढांढस बंधाया। पुलिस कप्तानों ने आक्रोशित भीड़ को आश्वस्त किया कि आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और उनकी गिरफ्तारी के लिए टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस के कड़े रुख और जल्द खुलासे के लिखित भरोसे के बाद परिजनों ने जाम खोला, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका।
पिता राकेश मौर्य ने पुलिस के सामने बिलखते हुए कहा कि उनका बेटा बेहद सीधा और मेहनती था, उसकी हत्या सुनियोजित तरीके से घात लगाकर की गई है। इस वीभत्स हत्याकांड के बाद से गोसाई घोटिया और आसपास के ग्रामीण अंचलों में भारी शोक के साथ-साथ दहशत का माहौल व्याप्त है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि अगर सरेराह काम से लौट रहे युवाओं के साथ ऐसी वारदातें होंगी, तो कानून व्यवस्था पर से भरोसा उठ जाएगा। इधर, बारादरी पुलिस का दावा है कि घटनास्थल के रूट पर लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और बहुत जल्द सभी चारों नामजद हमलावरों को दबोचकर जेल की सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।