बरेली में तीन दिन मनेगा गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व
बरेली में 22 से 24 नवंबर तक गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व मनाया जाएगा। नगर कीर्तन, कीर्तन दरबार और विशेष धार्मिक समागम होंगे।
22 नवंबर को गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा सुभाष नगर से निकलेगा नगर कीर्तन।
23 नवंबर की शाम बरेली कॉलेज के हॉकी ग्राउंड में सजेगा कीर्तन दरबार।
24 नवंबर को सुबह 8:30 से शाम चार बजे तक होगा मुख्य धार्मिक समागम।
जन माध्यम
बरेली। सिख धर्म के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर बरेली में तीन दिन तक श्रद्धा और भक्ति का माहौल रहेगा। 22 से 24 नवंबर तक शहर में नगर कीर्तन, कीर्तन दरबार और विशेष धार्मिक समागम आयोजित किए जाएंगे। सेंट्रल गुरु पर्व कमेटी ने कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए संगत और शहरवासियों से परिवार सहित शामिल होने की अपील की है।
कमेटी के अध्यक्ष परमजीत सिंह ओबरॉय और महासचिव हरप्रीत सिंह खालसा ने बताया कि प्रकाश पर्व का पहला कार्यक्रम 22 नवंबर को विशाल नगर कीर्तन के रूप में आयोजित होगा। नगर कीर्तन गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा, सुभाष नगर से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों और अयूब खान चौराहे से गुजरते हुए चौकी चौराहे पर संपन्न होगा। इसमें गतका पार्टी, शबद जत्थे और विभिन्न स्कूलों के बच्चे शामिल होंगे।
23 नवंबर को बरेली कॉलेज के हॉकी ग्राउंड में कीर्तन दरबार सजाया जाएगा। शाम सात बजे से शुरू होने वाले इस धार्मिक आयोजन में गुरबाणी कीर्तन के माध्यम से गुरु साहिब की शिक्षाओं का संदेश संगत तक पहुंचाया जाएगा।
प्रकाश पर्व का मुख्य समागम 24 नवंबर को बरेली कॉलेज के हॉकी ग्राउंड में होगा। सुबह 8:30 बजे से शाम चार बजे तक लगातार कीर्तन और कथा का आयोजन किया जाएगा। इसमें पंजाब सहित अन्य स्थानों से आने वाले प्रसिद्ध रागी और कीर्तनी जत्थे गुरबाणी का गायन करेंगे। कार्यक्रम में प्रिंसिपल सुखवंत सिंह जी, अनिकबार सिंह जी, उस्ताद सतनिंदर सिंह जी, रागी हरिहर सिंह जी, ज्ञानी कुलविंदर सिंह जी और ज्ञानी लखविंदर सिंह जी अपनी हाजिरी देंगे।
इसी दिन रात को शहर के सभी प्रमुख गुरुद्वारों में भी विशेष दीवान सजाए जाएंगे। इनमें बाहर से आए कीर्तनी जत्थे गुरबाणी कीर्तन प्रस्तुत करेंगे।
कमेटी पदाधिकारियों ने बताया कि तीनों दिन के कार्यक्रमों की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कमेटी की टीम और संगत सेवा कार्यों में जुटी हुई है। उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि वे परिवार सहित कार्यक्रमों में पहुंचकर गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व की खुशियां साझा करें और गुरु साहिब की शिक्षाओं से प्रेरणा लें।