शादी के तीन माह बाद नवविवाहिता की मौत, कमरे में फंदे से लटका मिला शव
बरेली के हाफिजगंज क्षेत्र में शादी के तीन महीने बाद नवविवाहिता का शव फंदे से लटका मिला। पिता ने पति समेत छह लोगों पर दहेज हत्या का आरोप लगाया।
शादी के तीन माह बाद नवविवाहिता की संदिग्ध मौत।
कमरे में फंदे से लटका मिला शव।
पति समेत छह लोगों पर दहेज हत्या का आरोप।
जन माध्यम
बरेली के हाफिजगंज थाना क्षेत्र के गांव सुंडियावा में सोमवार रात एक नवविवाहिता का शव कमरे में फंदे से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और फॉरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल की गहन जांच कराई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
तीन माह पहले ही हुई थी शादी
मृतका के पिता तेजपाल ने बताया कि वह हाफिजगंज थाना क्षेत्र के गांव सिथरा के निवासी हैं। उन्होंने अपनी 18 वर्षीय पुत्री पूजा की शादी एक दिसंबर 2025 को गांव सुंडियावा निवासी भगवतसरन के साथ की थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग दहेज की मांग को लेकर पूजा को प्रताड़ित करने लगे थे।
पति सोमवार को मायके से ले गया था
परिजनों के अनुसार प्रताड़ना से परेशान होकर पूजा कुछ समय पहले मायके आ गई थी। सोमवार को उसका पति उसे मनाकर अपने साथ ससुराल ले गया था। देर रात परिवार को सूचना मिली कि पूजा की मौत हो गई है। जब परिजन मौके पर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि उसका शव कमरे में दुपट्टे के फंदे से लटका हुआ था।
पति और ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप
मृतका के पिता तेजपाल का आरोप है कि पति और ससुराल पक्ष के अन्य लोगों ने मिलकर पहले पूजा के साथ मारपीट की और फिर उसकी हत्या कर शव को फंदे से लटका दिया, ताकि घटना को आत्महत्या का रूप दिया जा सके। उन्होंने पुलिस को तहरीर देकर दामाद समेत छह लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
सूचना पर पहुंचे थाना प्रभारी प्रवीन सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और फॉरेंसिक टीम को बुलाकर जांच कराई। टीम ने घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।