20 साल बाद पंबरा तालाब रोड का सपना साकार
बरेली के देवरनियां में 20 साल बाद पंबरा तालाब रोड का निर्माण शुरू, सीसी रोड बनने से लोगों को बड़ी राहत।
20 साल बाद शुरू हुआ पंबरा तालाब रोड निर्माण
चेयरमैन के प्रयासों की हो रही सराहना
450 मीटर सीसी रोड से जुड़ेंगे कई रास्ते
लोगों को आवागमन में मिलेगी बड़ी राहत
जन माध्यम । बरेली
कुछ रास्ते सिर्फ मंजिल तक नहीं ले जाते वो उम्मीदों को भी जोड़ते हैं और जब वही रास्ता 20 साल बाद बने, तो खुशी भी दोगुनी हो जाती है।
दो दशक बाद शुरू हुआ निर्माण कार्य
नगर पंचायत देवरनियां में मुंडिया चौराहे से पंबरा तालाब तक करीब 20 वर्षों से लंबित सीसी रोड निर्माण कार्य आखिरकार शुरू हो गया है। इस बहुप्रतीक्षित कार्य के शुरू होते ही नगरवासियों में खुशी की लहर दौड़ गई है और लोग इसे लंबे इंतजार के बाद मिली राहत मान रहे हैं।
चेयरमैन के प्रयासों की हो रही सराहना
इस निर्माण कार्य के पीछे नगर पंचायत चेयरमैन मोहम्मद कलीम अंसारी के लगातार प्रयासों को प्रमुख कारण बताया जा रहा है। उन्होंने शासन स्तर तक लगातार पैरवी कर इस योजना को जमीन पर उतारने में अहम भूमिका निभाई। चुनाव के समय किया गया वादा अब हकीकत में बदलता नजर आ रहा है।
450 मीटर सड़क से जुड़ेगा अहम मार्ग
जानकारी के अनुसार, कस्बा मुंडिया जागीर चौराहे से पंबरा तालाब तक लगभग साढ़े चार सौ मीटर सीसी रोड का निर्माण कराया जा रहा है। यह मार्ग सिंतरा से आने वाले रास्ते को भी जोड़ता है, जिससे क्षेत्र के लोगों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी।
20 साल की उपेक्षा के बाद मिली राहत
स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले 20 वर्षों में किसी ने इस सड़क की सुध नहीं ली थी, जिससे उन्हें भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। अब सड़क निर्माण शुरू होने से लोगों ने राहत की सांस ली है और चेयरमैन के प्रयासों की खुलकर सराहना की जा रही है।
विकास और पारदर्शिता का दावा
चेयरमैन मोहम्मद कलीम अंसारी ने कहा, “चुनाव के वक्त हमने इस सड़क का निर्माण कराने का वादा किया था, जिसे अब पूरा किया जा रहा है। इससे कस्बे के साथ-साथ सिंतरा से आने वाले लोगों को भी बड़ी राहत मिलेगी। हम पूरे नगर का पारदर्शी तरीके से विकास कर रहे हैं और देवरनियां को आदर्श नगर पंचायत बनाने का लक्ष्य है।”