बरेली में श्री गुरु गोबिंद सिंह जी का प्रकाश पर्व 27 दिसंबर को धूमधाम से मनाया जाएगा

बरेली में साहिब श्री गुरु गोबिंद सिंह जी का प्रकाश पर्व 27 दिसंबर को बरेली कॉलेज हॉकी ग्राउंड में श्रद्धा, कीर्तन और लंगर के साथ मनाया जाएगा। 26 से 28 दिसंबर तक विभिन्न गुरुद्वारों में विशेष समागम होंगे।

बरेली में श्री गुरु गोबिंद सिंह जी का प्रकाश पर्व 27 दिसंबर को धूमधाम से मनाया जाएगा
HIGHLIGHTS:

➡️ 27 दिसंबर को बरेली कॉलेज हॉकी ग्राउंड में मुख्य दीवान
➡️ श्री दरबार साहिब के हजूरी रागियों का दिव्य कीर्तन
➡️ 26 दिसंबर को गुरुद्वारा कोहाड़ापीर में कथा-कीर्तन
➡️ 28 दिसंबर को गुरुद्वारा जनकपुरी में अमृत संचार
➡️ “सफर-ए-शहादत” समागमों में साहिबजादों की शहादत का वर्णन
➡️ संगत के लिए अटूट लंगर की व्यवस्था

जन माध्यम।
हसीन दानिश। बरेली।
सेंट्रल गुरुपर्व कमेटी बरेली के तत्वावधान में, शहर की समस्त गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटियों के सहयोग से साहिब श्री गुरु गोबिंद सिंह जी महाराज का पावन प्रकाश पर्व इस वर्ष भी भव्यता, श्रद्धा और मर्यादा के साथ मनाया जाएगा। मुख्य समागम 27 दिसंबर 2025 को बरेली कॉलेज के हॉकी ग्राउंड में आयोजित किया जाएगा, जहां गुरु-कीर्तन, कथा और लंगर के माध्यम से संगत गुरु की वाणी और इतिहास से जुड़ सकेगी।

कमेटी के अनुसार, 27 दिसंबर को प्रातः 8:30 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक मुख्य दीवान सजाया जाएगा। इस अवसर पर श्री दरबार साहिब, अमृतसर से पधार रहे हजूरी रागी भाई बलबीर सिंह जी एवं उनका जत्था, तथा हल्द्वानी से प्रसिद्ध रागी भाई जसपाल सिंह जी और भाई दलजीत सिंह जी गुलाब दिव्य कीर्तन प्रस्तुत करेंगे। विश्वविख्यात सिख इतिहासकार डॉ. सुखप्रीत सिंह उधोके संगतों को गुरु इतिहास का सारगर्भित श्रवण कराएंगे। संगत के लिए अटूट लंगर की व्यवस्था भी की गई है।

प्रकाश पर्व से एक दिन पूर्व, 26 दिसंबर 2025 को सायं 7:30 बजे से रात्रि 10:30 बजे तक गुरुद्वारा कोहाड़ापीर में विशेष कथा-कीर्तन दरबार आयोजित होगा। इसमें बाहर से आए रागी जत्थे और सिख इतिहासकार गुरुबाणी और गुरु परंपरा की गूढ़ व्याख्या करेंगे, जिससे संगत को आध्यात्मिक ऊर्जा और प्रेरणा प्राप्त होगी।

प्रकाश पर्व के अगले दिन, 28 दिसंबर 2025 को प्रातः 10 बजे गुरुद्वारा जनकपुरी में खंडे की पाहुल (अमृत संचार) का आयोजन किया जाएगा। अमृत की अभिलाषा रखने वाले सिख भाई-बहन अपने नाम संबंधित गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी में पूर्व से दर्ज करा सकते हैं।

सेंट्रल गुरुपर्व कमेटी के अध्यक्ष सरदार परमजीत सिंह ओबेरॉय और महासचिव सरदार हरप्रीत सिंह खालसा ने बताया कि गुरु साहिब के चारों साहिबजादों की महान शहादत को समर्पित “सफर-ए-शहादत” विशेष समागम शहर के विभिन्न गुरुद्वारों में आयोजित किए जा रहे हैं। इन समागमों में डॉ. सुखप्रीत सिंह उधोके साहिबजादों के शहीदी साकों का भावपूर्ण वर्णन करेंगे, ताकि नई पीढ़ी को त्याग, साहस और धर्म की रक्षा के संदेश से जोड़ा जा सके।

कमेटी ने सभी सिख संगतों और शहरवासियों से अपील की है कि वे सभी समागमों में अधिकाधिक संख्या में पहुंचकर गुरु जी की विशेष कृपा प्राप्त करें और गुरुबाणी का आनंद लें।

प्रेस वार्ता में सरदार परमजीत सिंह ओबेरॉय, सरदार हरप्रीत सिंह खालसा, दलवीर सिंह, देवेंद्र सिंह, सतवंत सिंह, हरमीत सिंह कपूर, सुरेंद्र सिंह दुआ, प्रो. भूपेंद्र सिंह, रणपरमजीत सिंह दुआ, देवेंद्र सिंह चन्नी, मंजीत सिंह नागपाल, रणजीत सिंह बग्गा, परमजीत सिंह जोहार, साहिब सिंह, महेंद्र सिंह, रामिंदर सिंह सोनी बीर, रविंद्र सिंह कालरा, गुरमीत सिंह, सिख मिशनरी कॉलेज के जोनल ऑर्गेनाइजर मनमीत सिंह, गुरमीत सिंह मनचंदा, हरप्रीत सिंह बिंद्रा सहित शहर की सभी गुरुद्वारा कमेटियों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।