रसोइयों का मानदेय बढ़ा, अब मिलेंगे तीन हजार रुपये
बहेड़ी तहसील सभागार में रसोइया सम्मान समारोह आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम के लाइव प्रसारण के दौरान रसोइयों का मानदेय सितंबर 2026 से बढ़ाकर तीन हजार रुपये करने समेत कई घोषणाएं की गईं।
सितंबर 2026 से परिषदीय विद्यालयों के रसोइयों का मानदेय तीन हजार रुपये प्रतिमाह होगा।
दुर्घटना या दिव्यांगता की स्थिति में दो लाख रुपये की सामाजिक सुरक्षा सहायता की घोषणा।
रसोइयों को पांच लाख रुपये तक कैशलेस चिकित्सा सुविधा और ड्रेस के लिए एक हजार रुपये मिलेंगे।
जन माध्यम
बहेड़ी।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पूर्व निर्देशों के क्रम में रविवार को तहसील सभागार में रसोइया सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण दिखाया गया। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री पोषण योजना के तहत परिषदीय विद्यालयों में कार्यरत रसोइयों के लिए कई घोषणाएं कीं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि सितंबर 2026 से प्रदेश के परिषदीय विद्यालयों में कार्यरत रसोइयों का मानदेय बढ़ाकर तीन हजार रुपये प्रतिमाह किया जाएगा। वर्तमान में उन्हें दो हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय मिलता है। इसके अलावा दुर्घटना या दिव्यांगता की स्थिति में सामाजिक सुरक्षा योजना के तहत दो लाख रुपये की सहायता देने की घोषणा की गई।
रसोइयों को हर वर्ष पांच लाख रुपये तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा देने तथा ड्रेस के लिए मिलने वाली राशि को 500 रुपये से बढ़ाकर एक हजार रुपये करने की भी घोषणा की गई। मुख्यमंत्री के अनुसार इन योजनाओं का लाभ प्रदेश के करीब 3.53 लाख रसोइयों को मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कोविड काल में माता-पिता खोने वाले बच्चों के लिए मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के तहत चार हजार रुपये प्रतिमाह की सहायता, मंडल मुख्यालयों पर अटल आवासीय विद्यालयों की स्थापना और दिव्यांग बच्चों के लिए एस्कॉर्ट अलाउंस सहित शिक्षा से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान बहेड़ी, दमखोदा और शेरगढ़ ब्लॉक से आए रसोइयों को मानदेय वृद्धि और चिकित्सा योजना के प्रतीकात्मक डमी चेक वितरित किए गए। इस दौरान ब्लॉक प्रमुख अमरिंदर सिंह गोल्डी, ब्लॉक प्रमुख दमखोदा स्नेहलता गंगवार, एसडीएम गोपाल शर्मा, तहसीलदार भानु प्रताप सिंह सहित अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।