जन्माष्टमी शोभायात्रा में करंट से दो मौतें, हाईटेंशन लाइन से टकराया साउंड सिस्टम का पाइप

बरेली के सराय गांव में जन्माष्टमी शोभायात्रा के दौरान हाईटेंशन लाइन से साउंड सिस्टम का पाइप छूने पर ट्रैक्टर-ट्रॉली में करंट दौड़ गया। हादसे में दो लोगों की मौत हुई।

जन्माष्टमी शोभायात्रा में करंट से दो मौतें, हाईटेंशन लाइन से टकराया साउंड सिस्टम का पाइप
मृतकों की फाइल फोटो
HIGHLIGHTS:

• जन्माष्टमी शोभायात्रा के दौरान हाईटेंशन लाइन से साउंड सिस्टम का लोहे का पाइप छू गया।

• करंट की चपेट में आने से ट्रैक्टर चालक और 10 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई।

• ग्रामीणों ने हाईटेंशन लाइन के नीचे झूलने की शिकायत पहले किए जाने का दावा किया।

      जन माध्यम
बरे ली।
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर निकाली जा रही शोभायात्रा के दौरान शनिवार रात सराय गांव में बड़ा हादसा हो गया। नीचे झूल रही हाईटेंशन लाइन से ट्रैक्टर-ट्रॉली पर लगे साउंड सिस्टम का लोहे का पाइप छू गया। इससे ट्रैक्टर-ट्रॉली में करंट दौड़ गया। हादसे में ट्रैक्टर चालक और 10 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई, जबकि साउंड सिस्टम संचालक बंटी गंभीर रूप से झुलस गया।

ग्रामीणों के मुताबिक, रात करीब आठ बजे गांव में जन्माष्टमी की शोभायात्रा निकाली जा रही थी। ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर भगवान श्रीकृष्ण की झांकियां सजाई गई थीं। इसी दौरान एक ट्रॉली पर लगा साउंड सिस्टम हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया। तेज धमाके के बाद ट्रॉली में करंट फैल गया। शोभायात्रा में अफरा-तफरी मच गई और ट्रॉली में सवार श्रद्धालुओं ने कूदकर अपनी जान बचाई।

हादसे में चालक और 10 वर्षीय बालक की मौके पर ही मौत हो गई। घायल बंटी को उपचार के लिए बरेली भेजा गया। सूचना पर एसपी नॉर्थ मुकेश चंद मिश्र और सीओ डॉ. अरुण कुमार मौके पर पहुंचे।

ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया। पूर्व प्रधान तिरमोहन सिंह के मुताबिक, हाईटेंशन लाइन नीचे झूलने की शिकायत पहले भी की गई थी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने मामले की जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।