अलंकार अग्निहोत्री की बर्खास्तगी की बढ़ी संभावना, जांच रिपोर्ट शासन को भेजी
निलंबित नगर मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री को विभागीय जांच में दोषी पाया गया है। मंडलायुक्त शम्भू कुमार ने रिपोर्ट शासन को भेज दी है।
मंडलायुक्त शम्भू कुमार ने विभागीय जांच पूरी कर शासन को भेजी रिपोर्ट।
सरकारी नीतियों पर बयान और जिलाधिकारी कार्यालय में धरना-प्रदर्शन के मामले में दोषी पाए गए अग्निहोत्री।
प्रशासनिक कार्रवाई के बीच आगामी विधानसभा चुनाव के लिए 40 प्रत्याशियों के नाम घोषित किए।
जन माध्यम
बरेली। यूजीसी के विरोध में गणतंत्र दिवस पर इस्तीफा देकर प्रदेश की राजनीति और प्रशासनिक गलियारों में हलचल मचाने वाले निलंबित नगर मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री के मामले में दस महीने बाद अहम घटनाक्रम सामने आया है। विभागीय जांच में उन्हें दोषी पाया गया है। मंडलायुक्त शम्भू कुमार ने जांच पूरी कर रिपोर्ट शासन को भेज दी है। अब उनकी बर्खास्तगी की संभावना बढ़ गई है, हालांकि इस संबंध में शासन का अंतिम आदेश आना बाकी है। दूसरी ओर, अग्निहोत्री ने प्रशासनिक विवाद के बीच अपनी राजनीतिक सक्रियता बढ़ा दी है और आगामी विधानसभा चुनाव के लिए 40 प्रत्याशियों के नाम घोषित कर चुके हैं।
शासन के निर्देश पर मंडलायुक्त शम्भू कुमार ने अलंकार अग्निहोत्री के खिलाफ विभागीय जांच की। रिपोर्ट के मुताबिक, उन्हें प्रशासनिक पद पर रहते हुए सरकार के खिलाफ सार्वजनिक बयान देने, वर्ग विशेष के संदर्भ में सरकारी नीतियों पर टिप्पणी करने और इस्तीफा स्वीकार होने से पहले भीड़ जुटाकर जिलाधिकारी कार्यालय परिसर में धरना-प्रदर्शन करने का दोषी पाया गया है। जांच रिपोर्ट शासन को भेजे जाने के बाद अब सभी की निगाहें सरकार के अगले कदम पर लगी हैं। अंतिम निर्णय शासन को लेना है।
26 जनवरी को इस्तीफा देकर खोला था मोर्चा
अलंकार अग्निहोत्री ने 26 जनवरी 2026 को यूजीसी के नियमों के विरोध में नगर मजिस्ट्रेट पद से इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए दोनों सरकारों पर ब्राह्मण विरोधी होने का आरोप लगाया था। उन्होंने सरकारी नीतियों की तुलना अंग्रेजों की ‘फूट डालो और राज करो’ नीति से भी की थी। तत्कालीन जिलाधिकारी ने उन्हें अपने आवास पर बुलाकर समझाने का प्रयास किया, लेकिन अग्निहोत्री अपने फैसले पर अड़े रहे। बाद में उन्होंने जिलाधिकारी कार्यालय परिसर में धरना भी दिया था।
विभागीय जांच के दौरान अग्निहोत्री ने अपने खिलाफ लगाए गए आरोपों को निराधार बताया। उन्होंने अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का हवाला देते हुए अपने बयानों का बचाव किया। इसके अलावा यूजीसी रेगुलेशन 2026 और प्रयागराज मेला प्रकरण का उल्लेख करते हुए अपना पक्ष रखा था। हालांकि, जांच रिपोर्ट में उन्हें दोषी ठहराया गया है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई का फैसला शासन के स्तर पर होना है। फिलहाल निलंबन और विभागीय जांच से जुड़ा मामला अंतिम आदेश की प्रतीक्षा में है।
प्रशासनिक गलियारों से चुनावी मैदान तक पहुंचे
इस्तीफे और निलंबन के बाद अलंकार अग्निहोत्री ने राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा नाम से राजनीतिक संगठन बनाया। इसके तहत प्रदेश के विभिन्न जिलों में पदाधिकारियों की नियुक्ति की गई और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियां शुरू कर दी गईं। अब तक वह 40 विधानसभा प्रत्याशियों के नाम घोषित कर चुके हैं। इस तरह एक ओर उनका प्रशासनिक भविष्य शासन के फैसले पर निर्भर है, तो दूसरी ओर वह चुनावी मैदान में अपनी राजनीतिक जमीन तैयार करने में जुटे हैं।
दिलचस्प पहलू यह भी है कि जिस बर्खास्तगी को लेकर शासन के निर्णय का इंतजार किया जा रहा है, उसकी मांग अग्निहोत्री खुद भी कई बार कर चुके हैं। दस महीने पहले गणतंत्र दिवस पर दिए गए इस्तीफे से शुरू हुआ घटनाक्रम अब विभागीय जांच की रिपोर्ट तक पहुंच गया है। हालांकि, रिपोर्ट भेजे जाने भर से बर्खास्तगी नहीं मानी जा सकती। अंतिम आदेश आने के बाद ही उनकी प्रशासनिक सेवा से जुड़े भविष्य की तस्वीर साफ होगी। फिलहाल पूरे प्रदेश की निगाहें शासन के फैसले और अग्निहोत्री की राजनीतिक गतिविधियों, संगठन और घोषित प्रत्याशियों की अगली रणनीति पर टिकी हैं।