ई-रिक्शा चालकों पर यातायात पुलिस की बड़ी कार्रवाई

मथुरा के वृंदावन क्षेत्र में यातायात पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर 106 ई-रिक्शा और ऑटो सीज किए तथा 167 वाहनों के चालान किए। अभियान के दौरान 650 से अधिक वाहनों पर कार्रवाई की गई।

ई-रिक्शा चालकों पर यातायात पुलिस की बड़ी कार्रवाई
HIGHLIGHTS:

विशेष अभियान में 106 ई-रिक्शा और ऑटो किए गए सीज।

167 वाहनों के चालान, कुल 650 से अधिक वाहनों पर कार्रवाई।

यातायात नियमों के पालन को लेकर चालकों को किया गया जागरूक।

जन माध्यम
मथुरा।
जनपद में यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित बनाए रखने के उद्देश्य से यातायात पुलिस ने वृंदावन क्षेत्र में विशेष अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वाले ई-रिक्शा और ऑटो चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की। अभियान के दौरान 106 वाहनों को सीज किया गया, जबकि 167 वाहनों के चालान किए गए।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक यातायात एवं क्षेत्राधिकारी यातायात के पर्यवेक्षण में यह अभियान शौ सैय्या से प्रेम मंदिर और छटीकरा से प्रेम मंदिर मार्ग पर चलाया गया। जांच के दौरान निर्धारित रूट के विपरीत संचालित हो रहे ई-रिक्शा और ऑटो को रोककर उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई।

यातायात पुलिस के अनुसार अभियान के दौरान मोटर वाहन अधिनियम, 1988 के तहत अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 483 वाहनों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। इस प्रकार कुल 650 से अधिक वाहनों पर प्रवर्तन कार्रवाई की गई।

कार्रवाई के साथ पुलिस ने वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक भी किया। पीए सिस्टम के माध्यम से उन्हें निर्धारित मार्गों पर ही वाहन चलाने, यातायात नियमों का पालन करने और शहर की यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की गई।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जनपद में यातायात व्यवस्था को सुरक्षित और सुचारु बनाए रखने के लिए इस प्रकार के विशेष अभियान भविष्य में भी लगातार जारी रहेंगे।