छत से गिरकर युवक गंभीर घायल
बरेली के कालीबाड़ी इलाके में बंदरों को भगाने के दौरान युवक दो मंजिला मकान से गिरा, जिला अस्पताल में इलाज जारी।
➡️ कालीबाड़ी इलाके में युवक छत से गिरकर गंभीर घायल
➡️ बंदरों को भगाने के दौरान बिगड़ा संतुलन
➡️ दो मंजिला मकान से गिरने से पैर में फ्रैक्चर
➡️ जिला अस्पताल में चल रहा उपचार
➡️ इलाके में बंदरों के बढ़ते आतंक से लोग परेशान
जन माध्यम | बरेली।
बरेली के थाना बारादरी क्षेत्र के कालीबाड़ी इलाके में शनिवार शाम एक युवक छत से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ, जब युवक अपने घर की छत पर आए बंदरों को भगाने की कोशिश कर रहा था। अचानक संतुलन बिगड़ने से वह दीवार सहित दो मंजिला मकान से नीचे गिर पड़ा।
जानकारी के अनुसार कालीबाड़ी निवासी 35 वर्षीय संजू शनिवार शाम अपने घर में काम कर रहे थे। इसी दौरान बंदरों का एक झुंड उनके मकान की छत पर आ गया। बंदरों को भगाने के लिए संजू छत पर पहुंचे, लेकिन अचानक पैर फिसलने से वह दीवार के साथ नीचे गिर गए। गिरने से उनके दोनों पैरों और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।
घटना के बाद घर में अफरा-तफरी मच गई। पत्नी और बच्चों ने तत्काल एंबुलेंस की सहायता से संजू को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार संजू के पैर में फ्रैक्चर हुआ है और हालत गंभीर बनी हुई है।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कालीबाड़ी समेत आसपास के क्षेत्रों में बंदरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। आए दिन छतों पर बंदरों के झुंड देखे जा रहे हैं, जिससे लोगों को जान-माल का खतरा बना रहता है।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से बंदरों की समस्या का स्थायी समाधान निकालने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।