टेट परीक्षा पर शिक्षकों को विशेष अवकाश

यूपीटीईटी परीक्षा में शामिल होने वाले शिक्षकों को विशेष अवकाश देने का शासन ने आदेश जारी किया। इससे पहले शिक्षक संगठनों ने टेट अनिवार्यता का मुद्दा रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के समक्ष उठाया।

टेट परीक्षा पर शिक्षकों को विशेष अवकाश
HIGHLIGHTS:

यूपीटीईटी परीक्षा के लिए शिक्षकों को विशेष अवकाश देने का शासन ने आदेश जारी किया।

पहले बीएसए स्तर पर केवल अनुमति दी गई थी, विशेष अवकाश नहीं।

शिक्षक संघ ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मिलकर टेट अनिवार्यता का मुद्दा उठाया।

जन माध्यम
देवरनियां/ बरेली। 
उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपीटीईटी) में शामिल होने वाले परिषदीय विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाओं को शासन ने बड़ी राहत देते हुए परीक्षा तिथियों पर विशेष अवकाश देने के निर्देश जारी किए हैं। इससे पहले बरेली सहित कई जिलों में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों की ओर से परीक्षा में शामिल होने की अनुमति तो दी गई थी, लेकिन विशेष अवकाश स्वीकृत नहीं किया गया था, जिससे शिक्षकों में नाराजगी देखी जा रही थी।

यूपीटीईटी की परीक्षा 2, 3 और 4 जुलाई को प्रस्तावित है। बड़ी संख्या में शिक्षकों के परीक्षा केंद्र दूसरे जनपदों में बनाए गए हैं। ऐसे में विशेष अवकाश की मांग लंबे समय से की जा रही थी। शासन के नए आदेश के बाद परीक्षा में शामिल होने वाले शिक्षकों को राहत मिलने की उम्मीद है।

इस बीच प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिनेश चंद्र शर्मा के नेतृत्व में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात कर टेट अनिवार्यता का मुद्दा उठाया। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि वर्ष 2011 में टेट व्यवस्था लागू होने से पहले नियुक्त शिक्षक-शिक्षिकाओं पर इसे अनिवार्य करना न्यायसंगत नहीं है।

वरिष्ठ शिक्षक नेता हरीश बाबू शर्मा ने कहा कि जिस नियमावली के तहत शिक्षकों की नियुक्ति हुई, उसी के आधार पर उनकी सेवा शर्तें लागू रहनी चाहिए। उन्होंने कहा कि टेट लागू होने से पहले नियुक्त शिक्षकों को इससे मुक्त रखा जाना चाहिए। शिक्षक संघ ने इस मुद्दे पर आंदोलन जारी रखने और शिक्षकों के हितों की रक्षा के लिए हर स्तर पर प्रयास करने की बात कही।