राम लाल कश्यप नौवीं बार निर्विरोध बने जिला अध्यक्ष, ग्रामीण सफाई कर्मचारियों में उत्साह
बरेली में ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ के चुनाव में राम लाल कश्यप लगातार नौवीं बार जिला अध्यक्ष निर्विरोध चुने गए, अन्य पदों पर भी सर्वसम्मति बनी।
➡️ राम लाल कश्यप नौवीं बार जिला अध्यक्ष निर्विरोध निर्वाचित
➡️ बिथरी चैनपुर स्थित जिला संघ कार्यालय में चुनाव संपन्न
➡️ महामंत्री, कोषाध्यक्ष सहित सभी पदों पर सर्वसम्मति
➡️ ग्रामीण सफाई कर्मचारियों में खुशी और उत्साह
➡️ संगठन की एकता को बताया सबसे बड़ी ताकत
हसीन दानिश/ जन माध्यम
बरेली। उत्तर प्रदेश पंचायती राज ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ की जनपद शाखा बरेली के चुनाव अधिवेशन में संगठन की एकजुटता और विश्वास का अनूठा उदाहरण देखने को मिला। संघ के वरिष्ठ नेता राम लाल कश्यप को लगातार नौवीं बार जिला अध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचित किया गया। यह चुनाव प्रक्रिया विकासखंड बिथरी चैनपुर स्थित जिला संघ कैंप कार्यालय में शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई।
प्रदेश अध्यक्ष एवं प्रदेश महामंत्री के निर्देशानुसार जनपद स्तरीय चुनाव की जिम्मेदारी चुनाव अधिकारी सुरेंद्र कुमार (लखनऊ) को सौंपी गई थी। उनकी देखरेख में नामांकन प्रक्रिया पूरी की गई। जिला अध्यक्ष पद के लिए राम लाल कश्यप के अलावा किसी अन्य प्रत्याशी ने नामांकन नहीं किया, जिससे उनका निर्विरोध निर्वाचन तय हो गया। इसी तरह अन्य सभी पदों पर भी एक-एक नामांकन प्राप्त हुए।
महामंत्री पद पर महेश चंद्र वाल्मीकि, कोषाध्यक्ष पद पर अजीत सिंह यादव, संगठन मंत्री पद पर राजेंद्र सिंह कोली तथा संप्रेक्षक पद पर मिसरयार खां निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए। नामांकन पत्रों की जांच के बाद चुनाव अधिकारी ने सभी पांचों पदों पर उम्मीदवारों को विजयी घोषित करते हुए प्रमाण-पत्र प्रदान किए।
निर्वाचन की घोषणा होते ही कैंप कार्यालय में मौजूद ग्रामीण सफाई कर्मचारियों में खुशी की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने नवनिर्वाचित जिला अध्यक्ष राम लाल कश्यप सहित सभी पदाधिकारियों का फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर भदपुरा ब्लॉक अध्यक्ष संतराम दिवाकर ने भी सभी निर्वाचित पदाधिकारियों को माला पहनाकर बधाई दी।
अपने संबोधन में राम लाल कश्यप ने सभी कर्मचारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संघ के हितों, कर्मचारियों के अधिकारों और समस्याओं के समाधान के लिए वे पहले की तरह पूरी निष्ठा और मजबूती से कार्य करते रहेंगे। उन्होंने संगठन की एकता को ही अपनी सबसे बड़ी ताकत बताया।