आकाशीय बिजली से गई दो की जान
1. बहेड़ी में युवक और मीरगंज में मजदूर की मौके पर ही मौत
Bareilly News: जिले में रविवार को बदले मौसम ने दो परिवारों से उनके अपने छीन लिए। देहात के बहेड़ी और मीरगंज में आकाशीय बिजली गिरने से दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। अचानक हुई इन घटनाओं से दोनों गांवों में मातम पसरा हुआ है।
रविवार सुबह करीब साढ़े सात बजे बहेड़ी के सिमरा गांव निवासी फरदीन अंसारी मोटरसाइकिल से किसी काम से निकले थे। रास्ते में अचानक मौसम बदला और तेज बारिश शुरू हो गई। फरदीन बारिश से बचने के लिए मिर्जापुर रंजीत पुल के पास एक पेड़ के नीचे खड़े हो गए। इसी दौरान तेज धमाके के साथ आकाशीय बिजली गिरी और वह उसकी चपेट में आ गए।बिजली गिरने की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग दौड़े लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। मौके पर ही फरदीन की मौत हो गई। सूचना मिलने पर परिजन और पुलिस मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। फरदीन की मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
मीरगंज में ईंट भट्ठे पर मजदूरी कर रहा था मंगली राम
उधर, मीरगंज थाना क्षेत्र के गांव सिधौली गोटिया निवासी मंगली राम (52) की भी आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई। वह गांव के पास स्थित फौजी भट्टे पर ईंट बनाने का काम करते थे। सुबह बारिश शुरू होने पर वह काम कर ही रहे थे कि बिजली गिरी और वह उसकी चपेट में आ गए।भट्ठा मालिक और ठेकेदार ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मंगली राम रोज की तरह सुबह काम पर निकले थे लेकिन लौटे तो शव बनकर।