खिचड़ी महाभोज में दिखी एकजुटता
सैंथल में मकर संक्रांति व मौनी अमावस्या पर ब्राह्मण महासभा और जीव चेतना संस्थान ने खिचड़ी महाभोज का आयोजन किया, जिसमें सैकड़ों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।
➡️ मकर संक्रांति व मौनी अमावस्या पर खिचड़ी सहभोज
➡️ ब्राह्मण महासभा व जीव चेतना संस्थान का संयुक्त आयोजन
➡️ सैकड़ों लोगों ने ग्रहण किया प्रसाद
➡️ विप्र समाज की एकजुटता पर दिया गया संदेश
सरफराज़ खान / जन माध्यम
सैंथल (बरेली)। मकर संक्रांति और मौनी अमावस्या के पावन अवसर पर ग्राम कमुआं मकरूका अटामांडा भोजीपुरा में ब्राह्मण महासभा एवं जीव चेतना संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में खिचड़ी सहभोज का भव्य आयोजन किया गया। यह आयोजन पं. महेश चन्द्र पाठक के निज निवास पर संपन्न हुआ, जिसमें दूर-दराज से आए सैकड़ों लोगों ने सहभागिता कर प्रसाद ग्रहण किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान परशुराम के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। आयोजन में अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा एवं जीव चेतना संस्थान के पदाधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिससे कार्यक्रम को विशेष महत्व प्राप्त हुआ।
मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा के प्रदेश अध्यक्ष सुरेन्द्र पाण्डेय ने विप्र समाज की एकजुटता पर बल देते हुए कहा कि सामाजिक समरसता और संस्कार ही समाज की सबसे बड़ी शक्ति हैं। उन्होंने सर्व मंगल और कल्याण की कामना की।
कार्यक्रम के दौरान “हमारे बुजुर्ग हमारी धरोहर” मुहिम के अंतर्गत वरिष्ठजनों का माल्यार्पण किया गया, उन्हें गर्म शाल भेंट की गई तथा भगवान परशुराम की सजीव सीनरी भी सम्मान स्वरूप प्रदान की गई, जिससे वातावरण भावनात्मक और प्रेरणादायक बन गया।
कार्यक्रम का संचालन ब्रह्मानंद शर्मा ने किया। इस अवसर पर पं. सुरेन्द्र पाण्डेय, पं. त्रिभुवन शर्मा, पं. ब्रह्मानंद शर्मा, पं. गजेन्द्र पाण्डेय, विमल मिश्रा, पं. महेश चन्द्र पाठक, पं. दिव्य चतुर्वेदी, पं. कौशल सारस्वत, पं. आशीष शर्मा, पं. प्रशांत शर्मा, अंश तिवारी, विचित्र शंखधार, मोहित मिश्रा, कपिल शर्मा, संजीव पाठक, कमलेश शंखधार, अनुभव शर्मा, उमाकांत जोशी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
खिचड़ी सहभोज के माध्यम से सामाजिक सौहार्द, परंपरा और सांस्कृतिक मूल्यों का संदेश देते हुए यह आयोजन क्षेत्र में चर्चा का विषय बना रहा।