नाबालिग से अनैतिक कृत्य करने वाला आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार
1. अवैध तमंचा बरामद
Bareilly News: शहर के थाना बारादरी क्षेत्र में नाबालिग बच्ची के साथ अनैतिक कृत्य करने वाले आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। मौके से तमंचा, जिन्दा और खोखा कारतूस भी बरामद हुआ है। आरोपी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार मोहल्ला हजियापुर निवासी रफीक पुत्र नवी अहमद (26) ने 8 जून की रात पड़ोस में रहने वाली एक नाबालिग बच्ची को मोबाइल दिखाने के बहाने अपने घर बुलाया और अनैतिक हरकत की। पीड़िता के परिजनों ने बारादरी थाने में आरोपी के खिलाफ तहरीर दी, जिस पर पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
आरोपी की तलाश में निकली पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि रफीक 99 बीघा क्षेत्र में छिपा है। घेराबंदी के दौरान खुद को फंसा देख आरोपी ने पुलिस टीम पर फायर झोंक दिया। जवाबी फायरिंग में उसके पैर में गोली लग गई।
आरोपी के पास से 315 बोर का एक तमंचा, एक जिन्दा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद हुआ। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह मूलरूप से बदायूं के सहसवान थाना क्षेत्र के सहवाजपुर गांव का रहने वाला है और पिछले कई वर्षों से हजियापुर में किराये पर रहकर कारचोबी का काम करता है। उसने बताया कि बच्ची अक्सर मोबाइल देखने के लिए उसके घर आती थी और उसी दौरान उसके मन में गलत विचार आ गए। सीओ सिटी थर्ड पंकज श्रीवास्तव के नेतृत्व में गठित टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया।
"आरोपी के खिलाफ पोक्सो एक्ट, बीएनएस और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है- पंकज श्रीवास्तव, सीओ सिटी थर्ड।"