दबाई फाइल तो होगी कड़ी कार्रवाई: डीएम, डीएम ने सुनी फरियाद, शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पर जताई नाराजगी
1. गलत आख्या भरने पर भी दी चेतावनी
2. अफसरों को भी फटकारा
Bareilly News: शनिवार को अवकाश होने के कारण सोमवार को तहसील सदर में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने जनता की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के सख्त निर्देश दिए। शिकायतों के रजिस्टर की जांच के दौरान डीएम ने पाया कि कुछ मामलों में निस्तारण दर्शा दिया गया है जबकि वास्तविक रूप से शिकायतें लंबित थीं। इस पर डीएम ने नाराजगी जताई और सुधार के निर्देश दिए।
डीएम ने स्पष्ट किया कि माननीय मुख्यमंत्री के निर्देश हैं कि कोई भी फाइल तीन दिन से अधिक लंबित न रहे। उन्होंने कहा कि जनता दरबार में बार-बार शिकायतकर्ता पहुंचते हैं, जिससे यह प्रतीत होता है कि थाना दिवस, समाधान दिवस और जनता दर्शन जैसे कार्यक्रमों में अधिकारी गंभीरता से नहीं बैठते। ऐसे रवैये से प्रशासन की छवि खराब होती है। डीएम ने निर्देश दिए कि जिसकी भी शिकायत का निस्तारण किया जाए, उसकी पूरी रिपोर्ट रजिस्टर में दर्ज होनी चाहिए। साथ ही कोर्ट से संबंधित सभी प्रकरण समय से निपटाए जाएं।
इस दौरान बीआई बाजार कैण्ट निवासी ने चकरोड पर अवैध कब्जा हटवाने की मांग की, जिस पर डीएम ने उपजिलाधिकारी सदर को पैमाइश कर कब्जा हटाने के आदेश दिए। वहीं ग्राम उमरसिया निवासी एक व्यक्ति ने कृषि भूमि की पैमाइश की मांग की, जिसे तत्काल संज्ञान में लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। इस दौरान शिकायतें मुख्यतः अवैध कब्जा, राशन कार्ड और पेंशन से जुड़ी रहीं।
समाधान दिवस में पुलिस अधीक्षक नगर मानुष पारीक, उपजिलाधिकारी प्रमोद कुमार, तहसीलदार सदर समेत तमाम विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।