शेरगढ़ में भाई ने भाई को गोली मारकर की हत्या, आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

बरेली के शेरगढ़ थाना क्षेत्र के खजुआ जागीर गांव में पारिवारिक विवाद के दौरान एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई। परिजनों ने हिस्ट्रीशीटर भाई पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

शेरगढ़ में भाई ने भाई को गोली मारकर की हत्या, आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
मृतक का फाइल फोटो
HIGHLIGHTS:

शेरगढ़ के खजुआ जागीर गांव में गोली मारकर युवक की हत्या।

परिजनों ने हिस्ट्रीशीटर बड़े भाई पर हत्या का आरोप लगाया।

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा, आरोपी की तलाश जारी।

जन माध्यम
बरेली।
शेरगढ़ थाना क्षेत्र के खजुआ जागीर गांव में गुरुवार शाम पारिवारिक विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि एक हिस्ट्रीशीटर ने अपने ही छोटे भाई पर फायरिंग कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

मृतक के पिता लल्ला खां उर्फ लतीफ खां और भाई इकरार का आरोप है कि आरोपी तौफीक उर्फ गुड्डू हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ करीब 26 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। परिजनों के अनुसार, वह करीब एक वर्ष पहले पुलिस मुठभेड़ में घायल होने के बाद जेल भी जा चुका है।

परिजनों के मुताबिक, गुरुवार शाम तौफीक उर्फ गुड्डू की इकरार से फोन पर कहासुनी हुई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर तौफीक ने इकरार को धमकी दी और कुछ देर बाद असलम पुत्र छोटे खां तथा अपने बेटे नदीम के साथ घर पहुंच गया। वहां उसने इकरार के साथ मारपीट शुरू कर दी।

शोर सुनकर बीच-बचाव करने पहुंचे 35 वर्षीय इसरार ने इकरार को बचाने का प्रयास किया। आरोप है कि इसी दौरान तौफीक ने तमंचे से इसरार को गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल इसरार को परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतक के पिता का आरोप है कि आरोपी लंबे समय से जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद करता था और इसी रंजिश के चलते घटना को अंजाम दिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही शेरगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

क्षेत्राधिकारी बहेड़ी अरुण कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी। मामले की जांच की जा रही है और तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।