शाही कस्बे में रोजाना लगने वाले जाम से राहगीर परेशान, मंडल अध्यक्ष ने थानाध्यक्ष को सौंपा ज्ञापन

शाही (शाहजहाँपुर): जामा मस्जिद से बस स्टैंड तक रोज़ घंटों जाम, अतिक्रमण और बेतरतीब पार्किंग से परेशान लोग, मंडल अध्यक्ष ने थाने में ज्ञापन दिया।

शाही कस्बे में रोजाना लगने वाले जाम से राहगीर परेशान, मंडल अध्यक्ष ने थानाध्यक्ष को सौंपा ज्ञापन
HIGHLIGHTS:

➡️ शाही बाजार में रोज़ घंटों जाम
➡️ जामा मस्जिद से बस स्टैंड तक हाहाकार
➡️ दुकानों के आगे बेतरतीब पार्किंग और अतिक्रमण मुख्य वजह
➡️ ई रिक्शा सड़क पर खड़े, चार पहिया फंसे
➡️ मंडल अध्यक्ष अनुरोध सिंह ने थानाध्यक्ष को ज्ञापन दिया
➡️ जल्द जाम हटाने की मांग, थाना प्रभारी ने कार्रवाई का भरोसा

मुनीश/ जन माध्यम

बरेली। शाही कस्बे के मुख्य मार्ग पर प्रतिदिन लगने वाले भयानक जाम से राहगीर और स्थानीय लोग बुरी तरह परेशान हैं। इस समस्या के समाधान हेतु शाही मंडल अध्यक्ष अनुरोध सिंह ने मंडल टीम के साथ थाना प्रभारी राजेश बैंसला को ज्ञापन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

कस्बे के मुख्य बाजार में, खासकर जामा मस्जिद से शाही बस स्टैंड तक घंटों जाम की स्थिति बनी रहती है। मात्र चंद कदम की दूरी तय करने में लोगों को घंटों लग जाते हैं, जिससे आम जनता को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।

जाम के प्रमुख कारणों में सड़क का संकरी होना, दुकानदारों व ग्राहकों द्वारा दुकानों के दोनों ओर बेतरतीब ढंग से बाइक व अन्य वाहन खड़े करना शामिल है। इससे सड़क और संकरी हो जाती है तथा चार पहिया वाहनों का निकलना मुश्किल हो जाता है। कभी-कभी आमने-सामने से वाहन आने पर घंटों जाम लग जाता है।

थाना भी कस्बे के बीचों-बीच होने के कारण पुलिस की गाड़ियाँ भी इसी मार्ग से गुजरती हैं, जिससे समस्या और बढ़ जाती है। इसके अलावा कुछ दुकानदारों ने पीडब्ल्यूडी की सरकारी जमीन पर सरिया, बजरी व बजर फुट का कारोबार जमा रखा है और अतिक्रमण कर रखा है, जो जाम का सबसे बड़ा कारण बना हुआ है।

शाही बस स्टैंड पर भी ई-रिक्शा चालक सड़क के दोनों ओर मनमाने ढंग से रिक्शा खड़े कर देते हैं, जिससे यातायात बुरी तरह बाधित होता है और किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।

इन सभी समस्याओं को देखते हुए शाही मंडल अध्यक्ष अनुरोध सिंह ने मंडल उपाध्यक्ष सत्यपाल यादव, मंडल महामंत्री गुलशन सागर, सुशील शर्मा, मंडल मंत्री मंगल सेन गंगवार सहित अन्य पदाधिकारियों के साथ थानाध्यक्ष को ज्ञापन सौंपा और जाम की समस्या को जल्द से जल्द दूर करने का आग्रह किया।

इस संबंध में जब थानाध्यक्ष राजेश बैंसला से बात की गई तो उन्होंने कहा कि वह अभी क्षेत्र में हैं और उन्हें ज्ञापन की जानकारी अभी प्राप्त नहीं हुई है। ज्ञापन मिलते ही उचित कार्रवाई की जाएगी।